भक्तिभाव के साथ मनाई भैरव अष्टमी, भैरव शक्तिपीठ पर उमड़ा भक्तों का जनसैलाब

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

महाआरती के बाद हुआ भंडारा

अनोखा तीर, हरदा। अगहन माह की तिथि अष्टमी पर मंगलवार को श्री काल भैरव अष्टमी मनाई गई। इस दिन भक्तों ने भक्तिभाव के साथ अभिषेक पूजन किया, वहीं हवन के बाद महाआरती की गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे। अंत में भंडारे का आयोजन भी हुआ। जिसमें शामिल होकर धर्मप्रेमियों ने प्रसाद ग्रहण किया। यह सिलसिला दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होकर देर शाम तक चलता रहा। इस बीच मठ-मंदिर तथा शक्तिपीठ पर लोगों का आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। अष्टमी पर पूजा-अर्चना एवं दर्शन का दौर ये देर रात्रि तक एक समान रहा। इससे पहले शहर समेत आसपास के क्षेत्रों में भैरव मंदिरों को आकर्षक रूप से सजाया गया गया। रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी तथा फूलों की साज-सज्जा से पूरा वातावरण भक्ति में डूबा रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार भैरव अष्टमी के चलते इस दिन जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रम हुए। एलबीएम कॉलेज रोड स्थित भैरव शक्तिपीठ पर सुबह से भक्तों का तांता देखने को मिला। यहां पूर्व रात्रि में सुंदरकांड एवं भजन कार्यक्रम भी हुआ। सुबह विशेष पूजा-अर्चना के बीच बाबा का अभिषेक कर हवन-पूजन किया गया। वहीं दोपहर 12 बजे महाआरती कर भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया।

देवस्थान की आकर्षक साज-सज्जा

इसी तरह कृषि उपज मंडी में भी भैरव अष्टमी धूमधाम से मनाई गई। यहां व्यापारियों के अलावा हम्माल-तुलावटियों ने भैरव पूजा में हिस्सा लिया। इस अवसर पर मजदूर संगठन के पदाधिकारी मौजूद थे। मजदूर नेता अधिवक्ता शांतिकुमार जैसानी ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी मंडी में भैरव अष्टमी मनाई गई। जिसमें सभी लोगों की सहभागिता रही। उन्होंनें बताया कि भैरव भक्तों ने अष्टमी के चलते देवस्थान का रंग रोगन कर उसकी आकर्षक सजावट की थी।

भैरवनाथ को मदिरा का लगाया भोग

उधर, खंडवा बायपास स्थित प्रताप सिटी कॉलोनी में श्री काल भैरवेश्वर मंदिर में भी विशेष कार्यक्रम हुआ। यहां पूर्व रात्रि में भजन-कीर्तन एवं भैरवनाथ को मदिरा का भोग लगाया गया। वहीं सुबह से पंडितों के सानिध्य में अभिषेक पूजन व हवन हुआ। इसके बाद भंडारा प्रारंभ किया गया। जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। आयोजन समिति से जुड़े सौरभ शर्मा ने बताया कि भैरवेश्वर धाम पर विशेष अनुष्ठान हुआ। साथ ही प्रसाद स्वरूप भंडारा का आयोजन भी किया, जो देर शाम तक जारी रहा।

Views Today: 2

Total Views: 430

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!