Skip to content
Thursday, 22 October 2026
सुर्खियाँ हरदा

क्या कांग्रेस ज्वाईन करेंगे सुरेन्द्र जैन?

3 min read
Text Size:

 

– चर्चाओं में रही कमलनाथ से मुलाकात की बात

 

अनोखा तीर, हरदा। आज स्थानीय चौक-चौराहों तथा सोशल मीडिया पर हरदा के पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष तथा भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेन्द्र जैन के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से मुलाकात करने की चर्चाएं जोर-शोर पर सुनने को मिली। राजनीतिक गलियारों में व्याप्त इन चर्चाओं में कहा जा रहा है कि भाजपा से टिकिट नहीं मिलने को लेकर सुरेन्द्र जैन काफी खफा है। जिसके चलते वह अब कांग्रेस से हरदा विधानसभा क्षेत्र के लिए टिकिट की जुगत में लगे हुए है। इसी के चलते आज उन्होंने अपने किसी रिश्तेदार के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से उनके भोपाल स्थित निवास पर मुलाकात की है। उल्लेखनीय है कि सुरेन्द्र जैन स्वयं दो बार हरदा नगरपालिका अध्यक्ष पद पर रहे है। वहीं खाली कुर्सी-भरी कुर्सी के चुनाव उपरांत कांग्रेस की श्रीमती संगीता बंसल के पद से हटने पश्चात उनकी पत्नी श्रीमती साधना जैन भी अध्यक्ष पद पर रही है। वर्तमान में श्री जैन ने हरदा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रुप में अपनी दावेदारी प्रस्तुत की थी। परंतु भाजपा द्वारा वर्तमान विधायक और प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल को ही सातवीं बार अपना उम्मीदवार घोषित किया गया है। गौरतलब है कि सुरेन्द्र जैन भाजपा उम्मीदवार कमल पटेल के निकटतम सहयोगियों में शामिल हुआ करते थे। इतना ही नहीं बल्कि वह उनके सहपाठी भी है। परंतु पिछले विधानसभा चुनाव दौरान भी श्री जैन ने हरदा विधानसभा क्षेत्र से अपनी दावेदारी प्रस्तुत की थी तब भी पार्टी ने कमल पटेल को ही अपना उम्मीदवार बनाया था। ऐसी स्थिति में पिछले चुनाव दौरान भी श्री जैन को राजनीतिक दृष्टि से कमल पटेल के विरोधी के रुप में देखा जा रहा था। वर्तमान में भी भाजपा में रहते हुए भी कृषि मंत्री कमल पटेल और पूर्व नपाध्यक्ष सुरेन्द्र जैन के बीच बनी खाई निरंतर बढ़ती जा रही है। इसी के चलते उन्होंने खुलकर अपनी दावेदारी प्रस्तुत की थी। परंतु भाजपा की तीसरी सूची में कमल पटेल के नाम की घोषणा के साथ ही अब सुरेन्द्र जैन के कांग्रेस में जाने की चर्चाएं आम हो गई है। आज सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तथा शहर के चौक-चौराहों पर होने वाली राजनीतिक चर्चाओं में यह मुख्य मुद्दा था कि सुरेन्द्र जैन ने आज अपने किसे रिश्तेदार के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से मुलाकात करते हुए हरदा से विधानसभा टिकिट देने की स्थिति में कांग्रेस की सदस्यता लेने की बात कही है। बहरहाल इसकी कोई अधिकृत पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है। लेकिन कांग्रेस के ही कुछ वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि उन्हें इस बात की पुख्ता जानकारी मिली है कि आज श्री जैन ने कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से मुलाकात की है। भोपाल में कांग्रेस कवरेज करने वाले कुछ मीडिया के प्रतिनिधियों से चर्चा करने पर उन्होंने भी कहा है कि हरदा के सुरेन्द्र जैन की कांग्रेस ज्वाईन करने की चर्चाएं यहां व्याप्त है। इस संबंध में वस्तुस्थिति जानने के लिए सुरेन्द्र जैन से चर्चा करने का प्रयास किया गया, परंतु उनका मोबाईल आऊट ऑफ कवरेज बता रहा था। किंतु कुछ स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों के अनुसार सुरेन्द्र जैन ने अपने कांग्रेस ज्वाईन करने या कमलनाथ से मुलाकात करने की बात को अफवाह करार दिया है। उनका कहना है कि वह अपने पारिवारिक कार्य से इंदौर गए हुए थे। हकीकत चाहे जो हो लेकिन शहर में यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है, इसलिए खबर बनना तो लाजमी है। फिर चाहे यह हकीकत हो या फसाना।

364 Views
What do you think?

Leave a Reply