अनोखा तीर, हरदा। क्षेत्र के किसानों की ज्वलंत मांगों को लेकर आंदोलनरत किसान कांग्रेस का धरना सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। इस दौरान किसानों के हितार्थ दिनरात एक कर रहे जमीनी कार्यकर्ताओं ने अपनी प्रमुख मांग प्रभावित फसलों का सर्वे एवं राहत राशि का वितरण तथा खरीफ फसल वर्ष 2022 की बीमा राशि प्रदान किए जाने की आवाज बुलंद की है। इस मौके पर किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहन सांई समेत अन्य पदाधिकारियों ने दुख जताया कि किसानों की वाजिफ मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट के मुख्यद्वार के पास चल रहे धरना-प्रदर्शन में प्रशासन की तरफ से कोई भी नही आया। जबकि धरना बीतें चार दिनों से चल रहा है। ये सब किसानों के प्रति जिम्मेदारों का उदासीन रवैया नही तो फिर क्या ? क्षेत्र के किसानों को इन बिन्दूओं पर मनन करने की जरूरत है। धरने में बैठे कांग्रेसियों ने यह सवाल भी दागा कि जिन किसानों की सोयाबीन कट चुकी है, उनकी नुकसानी का आंकलन कैसे होगा ? उन्होंनें ऐसी स्थिति में वास्तविक रूप से प्रभावित किसानों के छूटने की आशंका जताई है। इस दौरान उन्होंनें 30 सितंबर को किसानों के खातों में वर्ष 2022 खरीफ का बीमा डाले जाने का आश्वासन भी याद दिलाया है। इस मौके पर आरजीपीआरएस के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत टाले, किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश यादव, जिलाध्यक्ष मोहन विश्नोई, महिला संगठन की जिला अध्यक्ष प्रमिला सिंह ठाकुर, प्रदेश सचिव नमिता पिपरर्दे, शिवनारायण बांके, अमर रोचलानी, राघवेंद्र पारे, प्रद्युम्न कुशवाह, लोकेश जायसवाल, बालकृष्ण यादव, पूर्व पार्षद सुरेंद्र सराफ, सतीश शर्मा, जितेंद्र सेंगवा, करण चौधरी, अभिषेक चोयल एवं पार्षद प्रतिनिधि रमेश सोनकर सहित अन्य किसान एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कांग्रेसियोंं ने चलाया चरखा
किसानों की मांगों को लेकर जारी धरने में सोमवार को गांधी जयंती के उपलक्ष्य में किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी का सबसे प्रिय चरखा चलाकर आंदोलन को ताकत प्रदान की है। इस मौके पर कांग्रेसजनों ने कहा कि गांधी जी का चरखा चलाकर शासन-प्रशासन को जगाने का प्रयास किया है।
किसानों का जोश बरकरार
बीतें 4 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन धरने के चौथे दिन तेज बूंदाबांदी के चलते अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कार्यकर्ता दरी-गादी समेत अन्य सामान को सुरक्षित करते हुए दिखे। हालांकि, बारिश से उनके जोश पर जरा असर नही हुआ। बरसते पानी में कांग्रेसी सुरक्षित तरीके से पांडाल में डटे रहे।

