अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री युवा इंटरशिप योजना अंतर्गत शिक्षित युवाओं की टीम गांव-गांव जाकर ग्रामीण महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं से अवगत करा रहे हैं, वहीं योजना से लाभान्वित होने की प्रक्रिया भी समझाई जा रही है। जनसेवा मित्र के नाम ये सब वालेंटेयिर गांवों में चौपाल लगा रहे हैं। जनसेवा मित्र गौरव दमाड़े ने सोमवार को टिमरनी ब्लाक के ग्राम रायबोर पहुंचकर दो दर्जन से अधिक महिलाओं को जागरूक किया। उन्हें प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना, वृद्धा, विधवा एवं विकलांग पेंशन, आयुष्मान योजना, संबल योजना, प्रसूति योजना, उज्ज्वला योजना तथा हाल ही में शुरू मुख्यमंत्री लाडली बहना आवास योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही पात्रता एवं आवश्यक प्रक्रिया भी समझाई। गौरव दमाड़े ने बताया कि सीएम फेलो आशुतोष नेमा के मार्गदर्शन में कुल 87 युवक – युवतियां बतौर जनसेवा मित्र अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ग्राम रायबोर में आयोजित चौपाल में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मनोरमा बेस, सरपंच नीतू दीपक घाघरी, सचिव ललित गुर्जर और आशा कार्यकर्ता किरण खाटकर का सक्रिय सहयोग रहा।

