विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना के तहत पलक इंग्लेण्ड से करेंगी एलएलएम

 

अनोखा तीर, हरदा। प्रदेश सरकार ने अनुसूचित जाति जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के विदेश में उच्च शिक्षा हेतु अध्ययन के लिए विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना प्रारम्भ की है। इस योजना के तहत हरदा शहर के श्यामा नगर की निवासी पलक कुमरे को इंग्लेण्ड की केंट यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ इंटरनेशनल लॉ विषय में एलएलएम की पढ़ाई करने के लिए चयनित किया गया है। पलक को इस योजना के तहत 4.54 लाख रुपए से अधिक की मदद इंग्लेण्ड में एलएलएम करने के लिए प्रदेश सरकार देगी। पलक की मां सीमा ने बताया कि वह कलेक्ट्रेट में सहायक ग्रेड-3 के पद पर कार्यरत है तथा इस छोटे से पद पर रहकर विदेश में बेटी को पढ़ाई कराना उनके वश की बात नहीं थी। प्रदेश सरकार की योजना की मदद से बेटी पलक विदेश में उच्च शिक्षा ग्रहण कर पा रही है, इसके लिए वह प्रदेश सरकार की हमेशा आभारी रहेंगी। उन्होंने बताया कि पलक ने गत वर्ष इन्दौर रह कर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की और इस वर्ष वह इंग्लेण्ड जाकर एलएलएम की पढ़ाई कर रही हैं।

135 Views

Leave a Reply