
प्रशांत शर्मा, हरदा। प्रदेश में शासन द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, किंतु ग्राम अबगांव कला के खेड़ा मोहल्ले की ओर किसी भी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि या अधिकारी का जरा भी ध्यान नहीं है। यूं तो यहां कहने को शासन की ओर से उप स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय उद्यानिकी विभाग, पंचायत क्लस्टर भवन और मुख्यमंत्री के सपनों की परियोजना सीएम राइज स्कूल का विशाल भवन भी प्रस्तावित है। मगर मूलभूत सुविधा के नाम पर यहां एक अदद सड़क भी नहीं बन पाई है। ज्ञात हो कि इस मोहल्ले में लगभग सौ आदिवासी परिवार यानी लगभग 800 लोग निवास करते हैं। मगर पक्की सड़क न होने से यहां के वाशिंदों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्राम में प्रस्तावित सीएम राइज स्कूल जहां आसपास के 10 ग्राम के विद्यार्थी एवं शिक्षकगण रोज आवागमन करते हैं। इन आदिवासी एवं वंचित समुदायों को यदि अंतिम संस्कार के लिए शव भी ले जाना होता है, बच्चों एवं शिक्षकों को शिक्षा के लिए यहां आना होता है, उप स्वास्थ्य केंद्र में उपचार करने के लिए जाना होता है या पंचायत भवन में शासन-प्रशासन की योजनाओं की जानकारी या किसी प्रकार के पंजीयन के लिए जाना होता है। तो उन्हें पानी, कीचड़ एवं गड्ढों से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार गर्भवती महिलाएं भी यहां पर चिकित्सा एंबुलेंस न पहुंच पाने के अभाव में चिकित्सा लाभ से वंचित रह जाती है। यहां पर महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान एवं विभाग पंचायत कलस्टर भवन होने के बाद भी यहां पर सड़क एवं विद्युत की उचित व्यवस्था नहीं है जिसके कारण यहां के निवासी नल जल योजना से भी वंचित है। ग्राम के निवासी सुनील बंद के अनुसार उनके पिता का देर रात निधन होने पर उनके अंतिम संस्कार के लिए पूरे परिवार को बहुत परेशान होना पड़ा। ग्रामीण राहुल अंकले के अनुसार उनकी पत्नी के डिलीवरी के समय इमरजेंसी में एंबुलेंस बुलवाना पड़ा था। तब कच्ची सड़क होने के कारण वह हमारे घर तक नहीं पहुंच पाई। हमें रात में लगभग 1 किलोमीटर दूर परेशान होना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि खेड़ा मोहल्ला को ग्राम अबगांव कलां से जोड़ने वाली दो प्रमुख सड़क पक्की हो जाए तथा स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हो जाए तो जंगली जानवरों सांप बिच्छू एवं कीचड़ गड्ढों से लोगों को निजात मिल जाएगी। सामाजिक कार्यकर्ता जनार्दन बागड़ी के अनुसार मुख्यमंत्री से खेड़ा मोहल्ले के निवासियों का एक ही निवेदन है कि जिस प्रकार वे सभी वर्गों की सहायता करते हैं। उसी प्रकार हम वंचित पर भी नजर डालें। यह सड़क बनने से यहां के लोगों को बेहतर शिक्षा स्वास्थ्य का अधिकार मिल जाएगा।
Views Today: 2
Total Views: 268

