
अनोखा तीर, हरदा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा द्वारा 30 मई से चलाए जाने वाले महाजनसंपर्क अभियान की तैयारी हेतु जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नर्मदापुरम संभाग के प्रभारी पंकज जोशी मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपनी सरकार के 15 माह के कार्यकाल में चुनावी घोषणापत्र में जनता से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। किसानों के दो लाख का कर्ज माफ करेंगे, बेरोजगारों को भत्ता देंगे ऐसे एक भी वादे पूरे नहीं किए। वे अब सत्ता के लिए लालायित हो रहे हैं। कमलनाथ नारी सम्मान योजना के फार्म भराकर झूठ बोलने का काम कर रहे हैं। जो कि महिलाओं को पंद्रह सौ रुपए और 500 में गैस सिलेंडर देंगे जैसी झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। यह वोट पाने का षड्यंत्र रचकर तुष्टीकरण की नीति कर रहे। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की महिलाओं के लिए उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्तिकरण की मजबूती के लिए लाड़ली बहना योजना प्रारंभ की है। हरदा जिले से महिलाओं ने फार्म भरे हैं जिसका लाभ शीघ्र ही जून में मिल जाएगा। अब 1000 की राशि सीधे उनके खाते में आएगी। हमारी सरकार महिला, किसान, युवा एवं आम जन हितैषी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि मिशन 2023 विधानसभा के चुनाव में हम सब अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह कर अपना बूथ मजबूत कर भाजपा का कमल खिलाने जनता के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित करें। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचा कर भाजपा को मजबूत करें। और कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे झूठ जनता के सामने उजागर करें। जोशी ने कहा कि चुनाव के समय अन्य पार्टी के नेता जनता में भ्रम फैलाने का कार्य करेंगे। हमें उनके झूठ को अपनी सरकार के द्वारा किए गए कामों को लाभान्वित व्यक्ति को समझाना होगा। जिला अध्यक्ष अमर सिंह मीणा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि 30 मई से चलाए जा रहे महा जनसंपर्क अभियान में कार्यकर्ता केंद्र सरकार की विकास जन कल्याण योजनाओं को जनता तक पहुंचा कर उन्हें लाभ दिलाएं। इस अभियान को अमलीजामा पहनाकर सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाकर योजनाओं को जनता तक ले जाएं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव का समय कुछ समय ही शेष बचे हैं। जिले की दोनों सीटों पर पार्टी का कमल खिले। इसके लिए कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर महा जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाएं। प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुरेंद्र जैन ने आजीवन सहयोग निधि पर चर्चा कर शीघ्र राशि जमा करने के लिए सभी मंडल अध्यक्षों से आह्वान किया। जिला महामंत्री देवी सिंह सांखला ने बूथ विस्तारक अभियान एवं बूथ विजय संकल्प अभियान पर चर्चा की एवं बचा हुआ कार्य समय सीमा में करने के लिए सभी से आह्वान किया। सोशल मीडिया के संभाग प्रभारी दीपक नेमा ने प्रदेश से प्राप्त 30 मई से 30 जून तक के कार्यक्रमों का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन देते हुए कार्यकर्ताओं को समझाया कि हमें किस प्रकार से जिले के बाद मंडल एवं बूथ पर संरचना बनाकर कार्य करना है। जिला बैठक का संचालन जिला महामंत्री सिद्धार्थ पचौरी ने किया एवं आभार जिला महामंत्री भागवत साह ढोके ने माना। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत, जिले के पदाधिकारी, मोर्चा के अध्यक्ष महामंत्री, मंडल के अध्यक्ष, महामंत्री सहित शक्ति केंद्र की पंच परमेश्वर की टोली के प्रमुख उपस्थित रहे।

