Skip to content
Monday, 12 October 2026
हरदा

पंचायतों को पुन: अधिकार संपन्न बनाने पर दिया जोर

2 min read
Text Size:

पंचायती राज दिवस….

अनोखा तीर, हरदा। निकटवर्ती ग्राम पंचायत कुकरावद में रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के बैनर तले पंच सम्मेलन का आयोजन हुआ। जिसका मुख्य उद्देश्य सशक्त पंचायत एवं निर्वाचित जनपतिनिधियों का महत्व व उनका सम्मान कार्यक्रम रहा। ग्राम विकास में उनकी भूमिका विषय पर जानकारों के जरिये पंचायत के चुने हुए जनप्रतिनिधि का अधिकार समेत अन्य महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इससे पहले सर्वप्रथम स्वर्गीय गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत टाले ने पूर्व प्रधानमंत्री की दूरगामी सोच पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वर्गीय गांधी दूरसंचार क्रांति के जनक थे। पंचायती राज लागू करके उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज की परिकल्पनाओं को साकार किया। किसान कांग्र्रेस प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष केदार शंकर सिरोही ने कहा कि राजीव जी ने युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देकर लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का काम किया। किसान कांग्रेस प्रदेश महामंत्री रविशंकर शर्मा ने कहा वर्तमान में ग्राम पंचायतों के आवश्यक अधिकार समाप्त कर दिए हैं। जिसका ग्राम विकास पर विपरीत असर हुआ है। जबकि वर्ष 1993 से लेकर 2003 तक पंचायतों को महत्वपूर्ण अधिकार जैसे प्राथमिक शालाओं में शिक्षक की नियुक्ति समेत अन्य कार्यो में भूमिका तय थी, जो धीरे-धीरे खत्म होती चली गईं। इस अवसर पर वक्ताओं ने वास्तविक ग्राम विकास की दृष्टि से पंचायतों को पुन: अधिकार संपन्न बनाए जाने के साथ-साथ वे तमाम शक्तियां प्रदान करने की आवश्यकता है, जो पंचायत अंतर्गत आती हैं। इन सब बातों पर पंच सम्मेलन में जोर दिया गया। इस दौरान महिला संगठन की जिला अध्यक्ष प्रमिला ठाकुर, राघवेंद्र पारे, संगठन मंत्री जयप्रकाश त्रिपाठी,अंकित भाटी, पूर्व सरपंच संजय सेमरे, गोपाल पीपल्दे, अनसुईया राजपूत, जुगल किशोर गौर, विजय मालवीय, विजय राजपूत, महेश गौर सहित समस्त पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

116 Views
What do you think?

Leave a Reply