कृषि मंत्री के सख्त तेवर… ओवरलोड डंपर और अवैध शराब को लेकर सख्त हुए माननीय  

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, हरदा। मुख्यालय पर ओवरलोड डंपरों की निरंतर आवाजाही से लोग परेशान हैं। खंडवा बायपास और कलेक्ट्रेट मार्ग पर यह नजारा आम है। डंपर खराब होने की दशा में उसे मनचाही जगह पर खड़ा कर दिया जाता है, जो कि सुलभ आवागमन के विपरीत है। ऐसी परिस्तिथि निर्मित ना हों, इसके लिये निरंतर पेट्रोलिंग करने की आवश्यकता है। यह बातें कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने माइनिंग अधिकारी से कही। इस मौके पर श्री पटेल का सख्त रूख देखने को मिला। उन्होंनें निर्देश देते हुए कहा कि कलेक्टर-एसपी और राजस्व अधिकारियों के साथ माइनिंग दल सभी खदानों पर औचक कार्रवाई करें। वहां देखें कि डंपर की हाइट क्या है। उसमें कितना खनिज लोड हो रहा है। इसका भी निरीक्षण करें कि खदानों पर सभी नियमों का पालन हो रहा है या नही ? कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि गलत पाए जाने पर तुरंत अतिरिक्त बॉडी को काटा जाए। आवश्यकता पड़ने पर संबंधितों के विरूद्ध कार्रवाई भी करें। तभी इस समस्या पर अंकुश लग सकेगा। श्री पटेल माइनिंग अधिकारी को 3 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई करें। अन्यथा कार्रवाई की गाज गिरेगी। उल्लेखनीय है कि विगत दिनों रहटगांव में आयोजित कार्यक्रम दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंच से ही अवैध उत्खनन एवं उसके परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कलेक्टर ऋषि गर्ग और एसपी संजीव कुमार कंचन को स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष भारती कमेड़िया, कलेक्टर ऋषि गर्ग, पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार कंचन, वन मंडल अधिकारी अंकित पांडे, जिला पंचायत सीईओ रोहित सिसोनिया, अपर कलेक्टर प्रवीण फुलपगारे सहित विभिन्न विभाग प्रमुख मौजूद थे। इस अवसर पर कृषि मंत्री कमल पटेल ने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान अंतर्गत कुछ हितग्राहियों को प्रमाण-पत्रों का वितरण भी किया।

 

अवैध सप्लाई की चेन को तोड़े

इसी दौरान कृषि मंत्री श्री पटेल ने आबकारी अधिकारी की भी क्लास ली। फटकार लगाते हुए कहा कि गांव-गांव शराब परोसी जा रही है। ठेकेदार के लोग रात के अंधेरे में देशी-विदेशी शराब पहुंचा रहे हैं। वहीं आबकारी विभाग उन पर नकेल कसने के बजाय आखिरकार किस बात का इंतजार कर रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में शराब बिक्री के कारण वहां के वातावरण पर विपरीत असर होता है। उन्होंनें इन सब अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। वहीं शराब की अवैध सप्लाई की चेन को तोड़ने के निर्देश दिए , ताकि कार्रवाई के सार्थक परिणाम दिखाई दें।

 

मांग अनुरूप भुगतान सुनिश्चित करें

इस मौके पर कृषि मंत्री कमल पटेल ने सहकारी अधिकारियों से भी जानकारी हासिल की। सहकारिता से जुड़ी शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर फीडबैक लिया। इस दौरान किसानों को भुगतान को लेकर सामने आ रही दिक्कतों पर अपनी नाराजगी जताई। श्री पटेल ने कहा कि सहकारी बैंक किसानों की बैंक है। जहां किसानों को मांग अनुरूप भुगतान ना मिलने पर उनकी नाराजगी जायज है। क्योंकि, किसान कोई कर्ज नही बल्कि अपने हक-अधिकार की राशि लेने पहुंचता है। कृषि मंत्री श्री पटेल ने निर्देशित किया कि किसानों को उनकी मांग अनुसार राशि मुहैया कराना सुनिश्चित करें।

यह निर्देश भी दिए..

– हरदा को नम्बर वन बनाने के लिये सभी विभाग भावना के साथ कार्य करें।

– छीपानेर रोड पर ओवरब्रिज तक फोरलेन रोड का स्टीमेट बनाने का निर्देश

– नपा को गुप्तेश्वर मंदिर पहुंच मार्ग स्वीकृत कर स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।

– मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाएं।

– राजस्व विभाग खेत पहुंच मार्गो को समय-सीमा में अतिक्रमण मुक्त कराएं।

– जिपं सीईओ को खेत पहुंच मार्गो को बनवाने मनरेगा अंतर्गत कार्य स्वीकृत कराएं।

– लोक निर्माण विभाग को बारिश से पहले सभी काम पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए।

Views Today: 2

Total Views: 72

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!