भाजपा ने क्षेत्र का नहीं अपने नेताओं का विकास किया : ओम पटेल

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा गुटबाजी तो अब भाजपा में दिखेगी

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी एवं कांग्रेस में गुटबाजी जैसे सवालों के साथ आज कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओम पटेल से सीधी बातचीत की। भाजपा सरकार की योजनाओं का चुनाव मैदान में कांग्रेस कैसे सामना करेगी वहीं क्षेत्र विकास के किन मुद्दों को अपना चुनावी एजेंडा बनाते हुए मतदाताओं के पास पहुंचेगी। ऐसे कई विषयों पर चर्चा करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस एकजुट और भाजपा कई गुटों में बटी नजर आएगी।

अनोखा तीर, हरदा। जिले की हरदा एवं टिमरनी विधानसभा सीटों पर वर्तमान में भाजपा का कब्जा है। बीते 30 वर्षों में इन दोनों ही विधानसभा सीटों पर महज 1-1 बार कांग्रेस जीत हासिल कर पाई है। १९९३ के विधानसभा चुनाव में हरदा एवं टिमरनी दोनों ही सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। इसके बाद टिमरनी विधानसभा में महज एक बार १९९८ में कांग्रेस के उत्तम सिंह सोनकिया तथा हरदा विधानसभा में २०१३ में कांग्रेस के डॉ. आरके दोगने जीते थे। इन 30 वर्षों में उक्त दो कार्यकालों को छोड़ दिया जाए तो कांग्रेस हमेशा विपक्ष में ही बनी रही है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जहां राजनैतिक दलों द्वारा मैदानी तैयारी शुरु कर दी गई है, वहीं आज हमने कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओम पटेल से चुनावी दृष्टिकोण से विस्तृत चर्चा की। श्री पटेल से हुई चर्चा के कुछ अंश इस तरह है :-

अनोखा तीर : विधानसभा चुनाव को लेकर क्या तैयारी चल रही है?

ओम पटेल : हमने मंडलम् से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित कर उन्हें जवाबदारी सौंपने का कार्य कर दिया है। दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में निरंतर बैठकें आयोजित कर मैदानी रणनीति बनाई जा रही है। हम चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

अनोखा तीर : क्या पिछले चुनाव की तरह इस बार भी कांग्रेस गुटों में बटी नजर आएगी?

ओम पटेल : कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाएगी पूरी कांग्रेस एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगी। इस बार गुटबाजी तो आपको भाजपा में देखने को मिलेगी। कुछ दिन ठहरिए आप भाजपा के दावेदारों को जनता के बीच अपना शक्ति प्रदर्शन करते देखेंगे।

अनोखा तीर : परशुराम जन्मोत्सव पर आपकी पार्टी के दो अलग-अलग स्वागत स्टॉल लगना तो गुटबाजी का ही संदेश देते है?

ओम पटेल : बिल्कुल नहीं। कांग्रेस का एक ही स्वागत स्टॉल लगा था। दूसरे स्थान पर अवनी बंसल ने व्यक्तिगत स्वागत रखा था। हो सकता है उनके साथ पार्टी के कुछ कार्यकर्ता सहयोग के तौर पर खड़े हो। चूंकि अवनी बंसल भी आखिर है तो कांग्रेस के ही कार्यकर्ता।

अनोखा तीर : इस चुनाव में कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती क्या है?

ओम पटेल : यह चुनाव हमारे लिए पिछले चुनाव से ज्यादा आसान होगा। चूंकि भाजपा सत्ता में भी है और उनके वर्तमान विधायक प्रदेश सरकार में पॉवरफुल मंत्री है। इसके बावजूद क्षेत्र में विकास के नाम पर कोई कार्य नहीं हुए है। इस बात को जनता देख भी रही है और समझ भी रही है। किस तरह हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार चरमसीमा पर है। अवैध शराब गांव-गांव बिक रही है। जुआं के अड्डे चल रहे है। अवैध रेत उत्खनन का कारोबार जोरशोर पर है। बगैर लिए-दिए न तो किसानों की उपज समर्थन मूल्य पर तुलती है और ना ही किसी विभाग में कोई कार्य होता है। यह सब समस्याएं ही तो आगामी चुनाव में हमारा रास्ता आसान करेगी। आप स्वयं ही बताईए विष्णु राजौरिया के विधायकी कार्यकाल पश्चात हरदा जिले में कौन सा ठोस विकास हुआ है। हां इतना जरुर है कि पिछले 25-30 सालों में भाजपा के नेताओं का व्यक्तिगत विकास जरुर हुआ है। आज आप भाजपा के किसी भी नेता पर नजर डालिए वह कल क्या थे और आज क्या है।

अनोखा तीर : आपकी दृष्टि से क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं या आवश्यकताएं क्या है?

ओम पटेल : हमारे कांग्रेस विधायक रहे विष्णु राजौरिया के कार्यकाल में हरदा में सुव्यवस्थित बस स्टेण्ड का निर्माण हुआ था। उसके बाद से आज तक ना तो खिरकिया, टिमरनी में बस स्टेण्ड बन पाए है और ना ही मुख्य बाजार का अधूरा निर्माण पूर्ण हो पाया है। हरदा शहर में पार्किंग की सबसे जटिल समस्या है। हरदा में कन्या महाविद्यालय, खिरकिया में शासकीय महाविद्यालय, जिले में कृषि महाविद्यालय और मेडिकल कॉलेज जैसी महती आवश्यकताएं है। शहर के यातायात को सुगम बनाने के लिए बायपास निर्माण और रेलवे ओव्हरब्रिज जैसी समस्याएं वर्षों से बनी हुई है। आप तो यह देखिए कि भाजपा सरकार के स्वयं मुख्यमंत्री ने 2008 में हरदा जिले में फुटपार्क और बूटपार्क बनाने की घोषणा की थी। आज 15 साल बाद भी क्या मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल हुआ है? भाजपा के नेता चुनाव के समय नारियल की बोरी और शिलालेख लेकर चलते है और जहां चाहे वहां घोषणा करते हुए शिलान्यास का नारियल फोड़ देते है। लेकिन जनता अब इनके झूठ को अच्छे से समझ चुकी है।

अनोखा तीर : भाजपा सरकार की लाड़ली बहना, तीर्थदर्शन, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का कांग्रेस कैसे सामना करेगी?

ओम पटेल : भाजपा की यह योजनाएं केवल खोखला दिखावा है। तीर्थ दर्शन में गरीबों को नहीं बल्कि भाजपा के कार्यकर्ताओं, उनके नेताओं के परिवारों को तीर्थदर्शन कराया जा रहा है। हाल ही में हरदा जिले में विधायक के रिश्तेदारों का मामला सामने आया। लाड़ली बहना योजना तो हमारे नेता कमलनाथ द्वारा बनाई गई है, जो हम आगामी ९ मई से प्रारंभ करने जा रहे है। जिसके तहत सभी महिलाओं के फार्म भरवाए जाएंगे। बगैर किसी मतभेद के हमारी सरकार बनने पर हम 1500 रुपया प्रत्येक महिला के खाते में जमा कराएंगे। वहीं 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली और 500 रुपए में रसोई गैस टंकी प्रदान करेंगे। यह आम जनता से सीधे सरोकार रखने वाली सुविधाएं है।

अनोखा तीर : पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता को क्या संदेश देना चाहते है?

ओम पटेल : सभी पार्टी के कार्यकर्ता एकजुटता के साथ आगामी विधानसभा चुनाव जीत के लिए मानसिक रुप से तैयार हो जाए। अगर आपकी एकजुटता और सक्रियता जनता के बीच बनी रही तो हम जीत का रिकार्ड कायम करेंगे। मैं जनता से कहना चाहता हूं कि आपने जिन पर भरोसा किया है उन्होंने विकास के नाम पर आपको क्या दिया और खुद ने क्या लिया इस विषय पर मंथन कीजिए। आज गांव-गांव में सड़कें उखड़ चुकी है। बल्कि गांव तो छोडि़ए हरदा शहर में ही क्या स्थिति है। विकास के नाम पर आपको सिवाय झूठी घोषणाओं के क्या मिला है। इसका मंथन करने का वक्त आ चुका है।

Views Today: 2

Total Views: 28

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!