Skip to content
Wednesday, 14 October 2026
हरदा

उत्कृष्ट विद्यालय की चयन परीक्षा में 8 विद्यार्थी सफल

2 min read
Text Size:

 

अनोखा तीर, हरदा। बीते कुछ वर्षों से जिला मुख्यालय हरदा में संचालित नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालक आवासीय छात्रावास के बच्चे अब अपनी प्रतिभा का कमाल दिखा रहे हैं। यहां जरूरतमंद गरीब तबके के अध्ययनरत बच्चों ने उत्कृष्ट विद्यालय में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा में सफलता हासिल की है। अब यहां के ८ होनहार बच्चे जिला मुख्यालय पर संचालित डॉ.भीमराव अंबेडकर उत्कृष्ट विद्यालय में शिक्षा प्राप्त करेंगे। ज्ञात रहे कि शाला त्यागी और शिक्षा से वंचित बेघर, अनाथ बच्चों को इस आवासीय छात्रावास में रखकर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। यह स्टाफ की लगन और मेहनत का परिणाम है कि इस संस्था के बच्चे अब कामयाबी की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। जानकारी के अनुसार जिला कलेक्टर मिशन संचालक समग्र शिक्षा अभियान हरदा एवं डीपीसी मुकेश कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में शिक्षाविहीन बसाहटों के 100 विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा देकर उन्हें मुख्यधारा में लाया जा रहा है। छात्रावास के वार्डन रामावतार पुषाम ने बताया कि छात्रवास के 8 छात्रों का चयन उत्कृष्ट विद्यालय चयन परीक्षा में हुआ है। इसमें चयनित आकाश पिता कन्हैया लाल, अंकेश पिता महेश धुर्वे, कृष्णा पिता स्व.संजय यादव, राम पिता रामसिंह, अर्जुन पिता श्यामलाल, शिवेन्द्र पिता नन्दलाल, पीयूष पिता स्वर्गीय महेश, अजय पिता छोटेलाल अब उत्कृष्ट विद्यालय में पढ़ाई करेंगे। होस्टल के सहायक वार्डन आरएल रावत की मेहनत लगन व कर्तव्य निष्ठा के गुणवत्तापूर्ण शिक्षण से छात्रों को सफलता मिली हैं। प्रतिवर्ष छात्रवास के छात्रों का इसी प्रकार चयन होता है। इस छात्रावास के सभी छात्र आरक्षित वर्ग के अनुसूचित जाति, जनजाति व अन्य पिछड़ा वर्ग के हैं। लेकिन कुल चयनित 8 छात्रों में से 7 छात्रों ने अच्छे अंक प्राप्तकर अनारक्षित वर्ग की श्रेणी में स्थान पाया। अब ये छात्र जिला हरदा के डॉ.भीमराव अंबेडकर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में निशुल्क अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे। स्थानीय नेताजी सुभाषचंद्र बोस बस स्टैंड पर स्कूल भवन में संचालित यह छात्रावास अब निर्धन, गरीब और बेसहारा बच्चों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश लाने के मिशन में महती भूमिका निभा रहा है।

———————-

342 Views
What do you think?

Leave a Reply