अनोखा तीर, हरदा। स्थानीय विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनतलाई से डोमरी तक बना मार्ग ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। पहले से खराब इस मार्ग को पक्का बनाने के लिए यहां काम तो शुरू किया गया। मगर एजेंसी ने इस पर पत्थर-बोल्डर पटककर बीच में ही छोड़ दिया। इससे यह मार्ग अब पहले से अधिक कष्टदायी हो गया है। खासकर यहां से होकर आने-जाने वाहन चालकों को काफी परेशान होना पड़ता है। जानकारी के अनुसार सोनतलाई से डोमरी तक रोड निर्माण का काम प्रारंभ हुआ था। मगर निर्माण एजेंसी ने इस पर पत्थर-बोल्डर डलवाने के बाद आगे का काम बंद कर दिया है। इससे ऊबड-खाबड़ यह मार्ग काफी खराब हो गया। लगभग छह किलोमीटर लंबा यह मार्ग तीन ग्राम डोमरी, नवरंगपुरा और सोनतलाई को जोड़ता है। ग्राम के निवासी राजेश विश्नोई ने बताया कि इन ग्रामों में जरूरी कार्यवश इससे होकर जाने-आने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। मगर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।





