किसान सतर्क रहें! पककर तैयार हो चुकी फसल
अनोखा तीर, हरदा। शहरी सीमा में स्थित छोटीहरदा में बुधवार को आगजनी की घटना सामने आई है। जिसमें किसान की खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि ये घटना बिजली का तार टूटने के बाद घटित हुई है। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। क्योंकि, टूटे हुए तार में करंट दौड़ रहा था। हालांकि आगजनी की खबर के बाद बिजली सप्लाई को बंद कर दिया था। जानकारी के अनुसार छोटीहरदा के किसान रामनिवास विश्वकर्मा और कपिल विश्वकर्मा के खेत में गेंहू कि फसल लगी थी। खेत के कुछ हिस्से में कटाई हो चुकी है, शेष गेंहू की फसल पूरी तरह पकने का इंतजार था। परन्तु इस बीच ये घटना हो गईं। उन्होंने बताया कि खेत में से बिजली की लाइन गुजरी है। जिसका बीच वाला तार टूट गया और फसल पर जा गिरा। इस दौरान तार से निकली चिंगारी ने किसान की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। दरअसल, तार की चिंगारी ने आग का रूप ले लिया, जिसने देखते ही देखते करीब पांच एकड़ में लगी गेंहू की फसल जलकर ख़ाक हो गईं। इधर, आगजनी की सूचना मिलते ही नपा की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। जिसकी मदद से आग पर काबू पाया गया। प्रभावित किसानो के मुताबिक आगजनी के चलते करीब 2 लाख रूपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने यह भी कहा की विगत दिनों कुल 7 एकड़ में से लगभग 2 एकड़ की फसल निकल चुकी है। अगर उस रकबे में फसल खड़ी होती तो और ज्यादा नुकसान होता। उधर, फसल जलने की सूचना पाकर राजस्व कर्मचारी खेत पहुंचे। जहां मौका मुआयना कर नियम अनुसार कार्यवाही की जा रही है। बता दें कि इनदिनों जिले में रबी फसल पककर पूरी तरह तैयार हो चुकी हैं। ऐसे में किसानों की जिम्मेदारी ओर बढ़ गईं है। उन्हें कटाई पूर्ण होने तक सावधानी बरतने की जरूरत है। वहीं आगजनी की तमाम आशंकाओं को विराम देने के लिए किसानों को आवश्यक उपाय उनके हित में है।
यह उपाय जरूरी
– ग्राम स्तर पर पानी के टेंकर तैयार रखे जाएं।
– इन टेंकरों पर इंजन व पाइप लाइन जरूरी है।
– जगह जगह से कटी पीटी सर्विस लाइन बंद कर दें।
– पड़ोसी का खेत कटते ही अपने खेत में चारो तरफ कल्टीवेटर या रोटावेटर चला दें।
– तार टूटने जैसी स्तिथि में सतर्क रहकर कोई कदम उठायें।
Views Today: 2
Total Views: 148

