अनोखा तीर, हरदा। रविवार दोपहर सिटी कोतवाली पुलिस ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास छोटी सिंधी कॉलोनी के एक घर से अवैध पटाखे जब्त किए हैं। लाखों रुपये के ये पटाखे घनी आबादी वाले इलाके और स्कूल के पास मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस को घर के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर अलग-अलग तरह के पटाखों के बक्से मिले। एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई। यह घर सागर तलरेजा और उसके भाई का है। पुलिस ने पटाखों की लिस्टिंग कर उन्हें सुरक्षित जगह रखवाया। कोतवाली टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि सागर के पास पटाखों के भंडारण का वैध लाइसेंस नहीं था, इसलिए उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। सागर तलरेजा ने बताया कि वह दीपावली पर बेचने के लिए पटाखे लाया था। एसपी शशांक ने जिले में अवैध पटाखों के भंडारण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
घर से मिले खाली रैपर
जिस घर से पुलिस ने अवैध रूप से रखे पटाखों को जब्त किया है, वहां से पटाखों के खाली बॉक्स और रैपर भी मिले हैं। पुलिस ने अंदेशा जताया है कि बाहर से लाकर यहां पर कंपनी और लोकल कंपनियों के माल को मिक्स कर पैकिंग कर बेचने की तैयारी थी। जिसके चलते पटाखों के साथ-साथ बड़ी मात्रा में खाली बॉक्स और रैपर भी मिले हैं।
पुलिस ने छोटी सिंधी कॉलोनी से लाखों के अवैध पटाखे किए जब्त







