धौलपुर कला में भागवत कथा का समापन

ज्वारे विसर्जन के साथ हुआ विश्राम

अनोखा तीर, धौलपुर कला। गांव के हरिहर धाम राधा कृष्ण मंदिर में सात दिनों से चल रही श्रीमद्भागवत कथा का बुधवार को मंगलमय विश्राम हुआ। कथा के सातवें दिन कथावाचक संजय रविशंकर दुबे ने श्रोताओं को स्यमंतक मणि की कथा, पांडवों के राजसूय यज्ञ, जरासंध और शिशुपाल के उद्धार, सुदामा चरित्र तथा राजा परीक्षित के मोक्ष का प्रसंग सुनाया। कथा के माध्यम से उन्होंने भक्ति, मित्रता और मोक्ष के महत्व को समझाया। इस अवसर पर कथा श्रवण करने के लिए अखिल भारतीय संत समाज के मध्यप्रदेश संरक्षक स्वामी अनवरत महाराज, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता तथा टिमरनी से पार्षद सुनील दुबे विशेष रूप से धौलपुर कला पहुंचे। व्यास पीठ और ग्रामवासियों ने सभी अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन किया। सात दिनों तक चली इस कथा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर कथा का श्रवण किया। कथा के विश्राम के बाद महाआरती की गई और उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसादी का वितरण किया गया। आयोजकों ने सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से बच्चों में अच्छे संस्कार आते हैं। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं द्वारा गांव के तालाब में ज्वारे का विसर्जन किया गया।

0 Views

Leave a Reply