पोषण माह का हुआ शुभारंभ

-पोषण के प्रति जन-जागरूकता का दिया संदेश

अनोखा तीर, करताना। ग्राम पंचायत भवन नौसर में बुधवार को महिला एवं बाल विकास परियोजना टिमरनी द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं हितग्राहियों ने पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कुपोषण को दूर करने का संकल्प लिया। इस पोषण माह की थीम हमारी आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती एवं धात्री माताओं, किशोरी बालिकाओं तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित जनसमुदाय को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता, स्वास्थ्य देखभाल तथा बच्चों के नियमित वजन एवं वृद्धि निगरानी के संबंध में जानकारी दी गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पोषण माह के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि समुदाय में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए रैली, पोषण प्रदर्शनी, गृह भेंट, पोषण संवाद एवं जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में उपस्थित सेक्टर पर्यवेक्षक सुभद्रा बरखने ने कहा कि कुपोषण की रोकथाम के लिए विभागीय प्रयासों के साथ-साथ परिवार एवं समुदाय की सहभागिता भी आवश्यक है। सभी लोगों से अपील की गई कि वे बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं के पोषण और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें तथा पोषण संबंधी अच्छी आदतों को दैनिक जीवन में अपनाएं। इस कार्यक्रम में प्रभारी परियोजना अधिकारी संगीता राजपूत, सेक्टर पर्यवेक्षक सुभद्रा बरखने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता नायर, ज्योति सोलंकी, सहायिका सीमा नागवे सहित गांव की महिलाएं मौजूद थीं।

0 Views

Leave a Reply