अनोखा तीर, हरदा। स्थानीय शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में रेडक्रास और उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ वेलनेस कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य जांच और प्राथमिक उपचार पर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में चिकित्सा अधिकारी डॉ.भावना करोड़े ने जांच करते हुए संतुलित पोषण आहार लेने के लिए कहा, शिविर में आई कई छात्राओं का बीएमआई सामान्य से कम पाया गया। उन्होंने फास्ट जंक फूड से दूरी बनाने की सलाह दी। आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ.मंजू वर्मा और डॉ.पीएन छलोत्रे ने भी स्वास्थ्य परीक्षण कर विद्यार्थियों को परामर्श दिया। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक आशीष साकल्ले ने महाविद्यालय में चलाए जा रहे उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ वेलनेस अभियान के उद्देश्य के बारे में बताया वहीं महाविद्यालय प्राचार्य राजेश गौर ने युवाओं की रेडक्रॉस, एनएसएस, रेड रिबिन के माध्यम से सकारात्मक सहभागिता से व्यक्तित्व विकास पर बात रखी। शिविर में सभी छात्र छात्राओं की ऊंचाई और वजन लेकर बीएमआई निकाला गया और शुगर, रक्तचाप की जांच नर्सिंग ऑफिसर मीरा महोबिया द्वारा की गई। जिला चिकित्सालय में पदस्थ साइकोलॉजिस्ट गीतांजलि परमार और उमंग काउंसलर पारुल काशिव ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्राथमिक चिकित्सा के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। चोट लगने, हार्ट अटैक, सांप काटने, हड्डी टूटने, रक्त स्राव होने, बेहोश होने आदि स्थितियों के बारे में बताया गया। कार्यशाला के द्वितीय सत्र में प्रश्न पूछे गए, सभी सवाल फर्स्ट एड से संबंधित रहे। इस दौरान सही जवाब देने वाले बीस छात्र छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। छात्राओं ने ज्यादा जवाब देते हुए 14 प्राइज जीते। प्रश्नोत्तरी गतिविधि दीपक गौर, अजय मंडलेकर और गणेश सराठे द्वारा करवाई गई। इस दौरान महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी वीके बिछोतिया, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ आशा गायकवाड़, राहुल सराठे सहित एनएसएस स्वयंसेवक अंकिता गायकवाड़, पलक चौहान सहित अन्य विद्यार्थी और महाविद्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे। इस दौरान स्वास्थ्य शिविर में कुल 105 स्वास्थ्य परीक्षण किए गए।
महाविद्यालय के छात्र छात्राओं ने सीखा फर्स्ट एड करना

0 Views

