Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

शासकीय कार्यक्रम में विधायक की अनदेखी

2 min read
Anokhateer editorial default
Text Size:

-कांग्रेस ने लगाया प्रोटोकॉल उल्लंघन का आरोप
अनोखा तीर, टिमरनी। टिमरनी के शासकीय महाविद्यालय में 27 अगस्त को आयोजित होने वाले विकसित भारत युवा कॉन्टैक्ट स्पोर्ट्स एडिशन कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने प्रोटोकॉल उल्लंघन का आरोप लगाया है। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना एवं महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद डीडी उइके को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है, लेकिन क्षेत्रीय विधायक अभिजीत शाह को नहीं बुलाया गया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने कहा कि यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं और विधायक के अधिकारों का उल्लंघन है। कॉलेज प्रबंधन द्वारा सभी कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर क्षेत्रीय विधायक की अनदेखी की जा रही है और कार्यक्रम का राजनीतिकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का नाम युवा संवाद है, लेकिन मध्यप्रदेश विधानसभा के सबसे युवा विधायक को ही आमंत्रित नहीं किया गया। सिर्फ पार्टी विशेष के लोगों को बुलाया जा रहा है, जो निंदनीय है। जायसवाल ने कहा कि युवाओं से संवाद के लिए युवा इंडिया संवाद के तहत टिमरनी महाविद्यालय का चयन हुआ है, जिसे देश के प्रधानमंत्री संबोधित करेंगे। ऐसे कार्यक्रम में क्षेत्र के युवा विधायक को आमंत्रित न करना प्रबंधन की संकुचित मानसिकता दर्शाता है। इससे प्रतीत होता है कि महाविद्यालय प्रबंधन भाजपा नेताओं और आरएसएस के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने सत्ता का दुरुपयोग करते हुए महाविद्यालय का नामकरण संघ प्रचारक भाऊ साहब भुस्कुटे के नाम पर कर लिया है। महाविद्यालय शिक्षा का मंदिर है, इसे किसी एक विचारधारा से जोड़ना समाज को तोड़ना है। कांग्रेस ने कहा कि इस मामले को लेकर 27 अगस्त को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर महाविद्यालय प्रबंधन की शिकायत जिला कलेक्टर से की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की जाएगी।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply