Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

चार माह की बालिका सिया को जन्मजात हृदय रोग से मिली मुक्ति

2 min read
Text Size:

-एम्स भोपाल में हुई नि:शुल्क सर्जरी

अनोखा तीर, हरदा।   जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम गुठानिया निवासी शिव कपूर की चार माह की बेटी सिया को समय पर उपचार और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से जन्मजात हृदय रोग से मुक्ति मिली है। जिला चिकित्सालय हरदा में निमोनिया के उपचार के लिए भर्ती हुई सिया में चिकित्सकों ने जन्मजात हृदय रोग की संभावना पहचानी। महज एक सप्ताह से भी कम समय में जांच एवं उपचार की प्रक्रिया पूरी कर एम्स भोपाल में पीडीए क्लोजर सर्जरी की गई। आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार पूरी तरह नि:शुल्क हुआ। बार-बार सर्दी की समस्या होने पर परिजन उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे। जांच में निमोनिया के लक्षण पाए गए और जन्मजात हृदय रोग की आशंका पर उसे पीआईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. ब्रजेश रघुवंशी एवं डॉ. प्रियंका छारी की सलाह पर बालिका को जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र डीईआईसी भेजा गया। डीईआईसी में ऑडियोलॉजिस्ट नीरज मालवीय ने श्रवण क्षमता की जांच की। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक आशीष साकल्ले द्वारा एम्स भोपाल में हृदय रोग की जांच के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लिया गया। इको जांच में सिया में पीडीए नामक जन्मजात हृदय रोग की पुष्टि हुई। एम्स भोपाल के चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. मनोज कुमार ने सर्जरी आवश्यक बताई। परिवार आयुष्मान भारत निरामयम योजना के लिए पात्र होने के कारण सर्जरी नि:शुल्क हुई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी सिंह ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो रही है। सिया के चाचा सोनू ने जिला चिकित्सालय, एम्स भोपाल और डीईआईसी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply