Skip to content
Thursday, 22 October 2026
हरदा

नगर परिषद अध्यक्ष पर झूठे आश्वासन देकर जनता को गुमराह करने का आरोप

2 min read
Anokhateer editorial default
Text Size:
अनोखा तीर, टिमरनी। नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने आरोप लगाया है कि नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र भारद्वाज झूठे और फर्जी आश्वासन देकर पार्षदों एवं जनता को गुमराह कर रहे हैं। जारी बयान में उन्होंने कहा कि नगर परिषद अध्यक्ष ने वार्ड 10 में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत लगभग 26 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित पार्क का स्थल परिवर्तन कर दिया। उनके अनुसार यह पार्क भायली रपटे पर नदी किनारे प्रस्तावित था, जहां नगर परिषद पेयजल टंकी और ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण भी करा रही है। आरोप है कि कुछ पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से पहले पार्क को वार्ड 13 में बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के बाद निर्माण सामग्री वार्ड 4 में पहुंचा दी गई। सुभाष जायसवाल ने आरोप लगाया कि वार्ड 4 में भी कॉलोनाइजर द्वारा पार्क के लिए निर्धारित स्थान पर निर्माण नहीं कर ऐसी जगह पार्क बनाया जा रहा है, जिसके आसपास के प्लॉट अभी तक नहीं बिके हैं। उन्होंने कहा कि इससे नगर परिषद अध्यक्ष की कार्यप्रणाली और मंशा पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष से सवाल किया कि निजी कॉलोनी में पार्क विकसित करने की जिम्मेदारी किसकी है। यदि कॉलोनी नगर परिषद को हैंडओवर हो चुकी है, तो क्या वह अधूरे पार्कों के साथ हैंडओवर हुई है और इसकी जिम्मेदारी किसकी है। उनका कहना है कि वार्ड क्रमांक 8, 9 और 10 में कोई सार्वजनिक पार्क नहीं है, जबकि योजना का उद्देश्य जरूरत वाले क्षेत्र में ग्रीन पार्क विकसित करना और जल संरक्षण को बढ़ावा देना था। जायसवाल ने कहा कि नागरिकों के धरने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष ने संबंधित वार्ड में उसी स्थान पर पार्क बनाने का लिखित आश्वासन दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पार्क उसी स्थान पर बनाया जाना था तो पहले उसका स्थल परिवर्तन क्यों किया गया। उन्होंने इसे जनता और पार्षदों के साथ छलावा बताते हुए आरोप लगाया कि नगर परिषद अध्यक्ष निजी स्वार्थ के लिए अपने अधिकारों का दुरुपयोग कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने मांग की कि शासकीय राशि का उपयोग उसी स्थान पर किया जाए, जहां शासन की मंशा और नागरिकों की आवश्यकता हो।

2 Views
What do you think?

Leave a Reply