Skip to content
Wednesday, 21 October 2026
हरदा

दस दिन बाद हुई बारिश से मिली राहत, झमाझम वर्षा का इंतजार बरकरार

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, मसनगांव। क्षेत्र में करीब दस दिनों के लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को करीब 20 मिनट तक हुई बारिश से किसानों को कुछ राहत मिली है। हालांकि खरीफ फसलों के बेहतर विकास के लिए अभी भी अच्छी और लगातार बारिश की जरूरत बनी हुई है। पिछले दस दिनों से मानसून की बेरुखी के कारण खेतों की नमी तेजी से कम हो रही थी। इससे सोयाबीन, मक्का, उड़द सहित अन्य खरीफ फसलों की बढ़वार प्रभावित होने लगी थी और किसानों की चिंता बढ़ गई थी। गुरुवार दोपहर अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ करीब 20 मिनट तक बारिश हुई। इससे खेतों में नमी लौटी और फसलों को अस्थायी राहत मिली। हालांकि बारिश अधिक देर तक नहीं होने से किसान अब भी झमाझम वर्षा का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई तो फसलों की बढ़वार प्रभावित हो सकती है और उत्पादन पर भी असर पड़ने की आशंका है। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे तालाबों और गड्ढों में भी पानी की आवक शुरू हुई है, लेकिन जलस्तर में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए लगातार बारिश आवश्यक मानी जा रही है। ग्राम के किसान नितेश पाटिल और आनंद पाटिल ने बताया कि खरीफ फसलों के बेहतर विकास के लिए इस समय नियमित और पर्याप्त वर्षा बेहद जरूरी है। उनका कहना है कि यदि मानसून फिर सक्रिय होता है तो फसलों की स्थिति में तेजी से सुधार हो सकता है। फिलहाल किसान अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए हुए हैं।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply