यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सहित किसानों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

अनोखा तीर, हरदा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि जिले में लगभग 90 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों ने मक्का की फसल बोई है, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी किसानों को यूरिया खाद उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि इस संबंध में पहले भी कई बार धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन के माध्यम से मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इससे मक्का की फसल प्रभावित हो रही है और किसानों को उत्पादन में भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। ज्ञापन में कहा गया कि किसान पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। गेहूं खरीदी पूरी नहीं हुई और अब मूंग खरीदी में भी किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार के निर्णय के अनुसार प्रति एकड़ केवल 1 क्विंटल 20 किलो मूंग खरीदे जाने से किसानों में भारी आक्रोश है। बताया गया कि हरदा जिले में 42 हजार किसानों ने पंजीयन कराया, लेकिन इस व्यवस्था के कारण केवल 600 किसानों ने ही स्लॉट बुक कराए हैं। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि किसानों को पर्याप्त यूरिया उपलब्ध कराने के बजाय एनपीके और एसएसपी खाद लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराया जाए, आगामी रबी सीजन के लिए डीएपी और यूरिया का अग्रिम भंडारण किया जाए तथा जिले की आवश्यकता के अनुसार शासन को तत्काल अतिरिक्त मांग भेजी जाए। इसके अलावा वर्ष 2025 की सोयाबीन फसल बीमा राशि किसानों को शीघ्र दिलाने तथा किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए ई-टोकन प्रणाली समाप्त करने की भी मांग की गई।

0 Views

Leave a Reply