अनोखा तीर, हरदा। जिला अस्पताल में आउटसोर्सिंग पर कार्यरत सफाई कर्मचारी, सुरक्षा गार्ड और वार्डबॉय ने गुरुवार सुबह करीब दो घंटे तक काम बंद रखकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पिछले डेढ़ महीने से मानदेय नहीं मिलने के विरोध में अस्पताल की नई बिल्डिंग के मुख्य गेट के सामने धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान सुपरवाइजर प्रदीप तिवारी ने संबंधित ठेकेदार से चर्चा की, जिसके बाद सोमवार तक मानदेय का भुगतान करने का आश्वासन दिया गया। जिला अस्पताल में कुल 93 आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें से 80 कर्मचारियों को पिछले डेढ़ महीने से वेतन नहीं मिला है। सुरक्षा गार्ड आरती चौधरी ने बताया कि समय पर मानदेय नहीं मिलने से आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं। बच्चों की स्कूल फीस जमा करने और पढ़ाई का सामान खरीदने में दिक्कत हो रही है। वहीं सफाईकर्मी बबली कनक ने कहा कि भुगतान में देरी का असर कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारों पर भी पड़ रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि ठेकेदार हर बार बजट नहीं होने का हवाला देकर भुगतान टाल देता है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी सिंह ने बताया कि ठेकेदार से चर्चा कर कर्मचारियों का मानदेय जल्द जारी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मानदेय नहीं मिलने पर जिला अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

0 Views


