अनोखा तीर, हरदा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हरदा द्वारा जनजातीय छात्रा से दुष्कर्म की घटना के विरोध में पीएम श्री महाविद्यालय परिसर में आक्रोश प्रदर्शन कर पुतला दहन किया गया। कार्यकर्ताओं ने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान नगर मंत्री निकुंज शर्मा ने कहा कि जनजातीय छात्रा के साथ हुई घटना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने मांग की कि मामले के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम दंड दिया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और महिलाओं के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। परिषद ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम के अंत में दोषियों को शीघ्र और कठोर सजा दिलाने की मांग की गई। इस दौरान दानिश बिल्लौरे, शुभम ढोके, सौम्य बौरासी, जिला छात्रा प्रमुख डॉली कहार, विकास इवने, सरिता वामने, प्रद्युम्न पवार सहित एबीवीपी के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जनजातीय छात्रा से दुष्कर्म के विरोध में एबीवीपी का प्रदर्शन, किया पुतला दहन

0 Views



