भारतीय ज्ञान परंपरा का त्रैमासिक कैलेंडर जारी

अनोखा तीर, हरदा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा से परिचित कराने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा विभाग ने जुलाई, अगस्त और सितंबर 2026 का त्रैमासिक कैलेंडर जारी किया है। इसके तहत प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कैलेंडर के अनुसार 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा पर गुरु-शिष्य परंपरा विषयक कार्यक्रम होंगे। इनमें गुरुजनों का तिलक एवं श्रीफल से सम्मान, गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर व्याख्यान, वृत्तचित्र प्रदर्शन तथा गीत एवं कविता वाचन शामिल रहेगा। 2 अगस्त को आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय जयंती एवं राष्ट्रीय रसायन विज्ञान दिवस पर उनके भारतीय विज्ञान और उद्योग में योगदान पर व्याख्यान, विज्ञान मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रदर्शनी, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा तथा निबंध प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसी तरह 20 अगस्त को भारतीय अक्षय ऊर्जा दिवस पर प्राचीन ग्रंथों में अक्षय ऊर्जा की अवधारणाओं, ऊर्जा संरक्षण और भारतीय दृष्टिकोण पर व्याख्यान, लघु फिल्म एवं चित्र प्रदर्शनी, निबंध प्रतियोगिता तथा ऊर्जा संरक्षण संकल्प कार्यक्रम होंगे। 14 सितंबर को हिंदी दिवस पर भारतीय ज्ञान परंपरा में भाषा और साहित्य के योगदान पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभाग ने सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को निर्धारित कैलेंडर के अनुसार गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रमों की जानकारी, छायाचित्र और प्रतिवेदन विभाग को भेजे जाएंगे।

0 Views

Leave a Reply