सभी गर्भवती महिलाओं का अनिवार्य रूप से कराएं पंजीयन

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर सभी गर्भवती महिलाओं का अनिवार्य रूप से पंजीयन सुनिश्चित करें। साथ ही उनकी चारों आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराई जाएं। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का समुचित प्रबंधन करते हुए प्रत्येक गर्भवती का नियमित फॉलोअप लिया जाए। उन्होंने भ्रमण के दौरान चिन्हित कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में अनिवार्य रूप से भर्ती कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि प्रत्येक तीन-चार दिन में जूम बैठक के माध्यम से यूवीएन एवं एचआईएमएस डेटा कलेक्शन की मॉनिटरिंग करें। कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर और समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग विवेक शर्मा सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा अस्पतालों में दवाओं और अन्य व्यवस्थाओं की उपलब्धता पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

0 Views

Leave a Reply