पीएम पोषण योजना में रसोइया-सहायकों का होगा ई-केवाईसी सत्यापन

अनोखा तीर, हरदा। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ की अध्यक्षता में बुधवार को प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भोजन की गुणवत्ता, शालाओं में योजना के सुचारू संचालन और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में विकासखंड हरदा में जून 2026 के दौरान छात्र-छात्राओं की कम उपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। पीएम पोषण योजना से जुड़े सभी रसोइया-सहायकों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी तत्काल पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही डीपीसी, बीआरसी, बीएसी और जनशिक्षकों को योजना की गतिविधियों का ऑनलाइन निरीक्षण करने के लिए कहा गया। सीईओ ने मां की बगिया के निर्माण एवं रखरखाव, लोकोस पोर्टल पर स्व-सहायता समूहों का शत-प्रतिशत पंजीयन तथा शालाओं में दर्ज सभी विद्यार्थियों और पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइया-सहायकों का प्रतिमाह स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विकासखंडवार स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी प्रस्तुत करने तथा अगली बैठक में अद्यतन रिपोर्ट के साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की उपस्थिति भी सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वच्छता के लिए पेयजल टंकियों की नियमित सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए। अंजली जोसेफ ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह, जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, विकासखंड अकादमिक समन्वयक, जिला खाद्य अधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक, मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन तथा क्वालिटी मॉनिटर जिला पंचायत हरदा के अधिकारी उपस्थित रहे।

2 Views

Leave a Reply