संस्कार विद्यापीठ में हर्षोल्लास से मनाया ग्रीन डे

 

अनोखा तीर, हरदा। संस्कार विद्यापीठ सीबीएसई विद्यालय की प्री-प्राइमरी विंग में ग्रीन डे का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, हरियाली के महत्व, स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली तथा प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सेव अर्थ, पेड़ लगाओ-धरती बचाओ और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित स्किट, कविताएं तथा संदेशात्मक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण, पर्यावरण संतुलन और प्रकृति संरक्षण का महत्व सरल एवं प्रभावी ढंग से बताया। सभी बच्चे हरे रंग के परिधानों में विद्यालय पहुंचे। कई विद्यार्थियों ने फल और हरी सब्जियों का रूप धारण कर उनकी पौष्टिकता एवं स्वास्थ्य लाभ की जानकारी भी दी। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की नेहा पटेल, जिज्ञासा पटेल, नैना पटेल और डिंपल पटेल ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। प्राचार्या राजेश्वरी गीते ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और ऐसी गतिविधियां बच्चों में बचपन से ही प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करती हैं। विद्यालय प्रबंधन की ओर से नटवर पटेल तथा मार्गदर्शक सुभाष शुक्ला ने भी बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, पर्यावरण को स्वच्छ रखने और धरती को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।

0 Views

Leave a Reply