
अनोखा तीर, हरदा। मिशन हैप्पी हरदा के तत्वावधान में मुंबई से आए फिल्म निर्देशक, लेखक, गीतकार एवं गायक अशोक बाफना के सम्मान में तिरंगा संगीतमय यात्रा का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। इस यात्रा के माध्यम से वे राष्ट्रप्रेम, तिरंगे के सम्मान और विकसित भारत के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। उनका उद्देश्य संगीत के जरिए युवाओं में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है। अशोक बाफना अब तक तिरंगे और देशभक्ति पर 617 से अधिक गीतों की रचना और गायन कर चुके हैं। उनका लक्ष्य 1100 तिरंगा गीत तैयार कर नया कीर्तिमान स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि संगीत राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और देशभक्ति को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम की शुरुआत शासकीय आदर्श महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण से हुई। इस अवसर पर राजीव बाहेती, ओमनारायण शुक्ला, रामशंकर मुकाती, मनोज बागरे, प्रो. विजय अग्रवाल और प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिरोही सहित अनेक शिक्षाविद, समाजसेवी और नागरिक मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लिया। सायंकाल आयोजित काव्य गोष्ठी का संयोजन ज्ञानेश चौबे के मार्गदर्शन में तथा संचालन कपिल दुबे ने किया। जिले के साहित्यकारों और कवियों ने राष्ट्रप्रेम, भारतीय संस्कृति, तिरंगे के गौरव और सामाजिक मूल्यों पर आधारित रचनाओं की प्रस्तुति दी। डॉ. शिरीष अग्रवाल, त्रिलोक शर्मा सहित अन्य रचनाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को प्रभावित किया। डॉ. एल.एन. पाराशर और देवेंद्र दुआ ने साहित्य और संगीत को सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बताते हुए युवाओं में नैतिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। अशोक बाफना ने हरदा के साहित्यकारों की सराहना करते हुए कहा कि चयनित देशभक्ति गीतों को वे अपने स्वर में रिकॉर्ड कर यूट्यूब चैनल और राष्ट्रीय मंचों पर प्रस्तुत करेंगे, ताकि स्थानीय रचनाकारों की प्रतिभा देशभर तक पहुंच सके।
हरदा प्रवास के दौरान मॉडल पब्लिक स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर में विद्यार्थियों के लिए प्रेरक संवाद भी आयोजित किए गए। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी, पर्यावरण संरक्षण, जल एवं ऊर्जा बचत, स्वच्छता और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा को भी राष्ट्रसेवा का हिस्सा बताते हुए इनका पालन करने का आह्वान किया। विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही 22 जुलाई को मनाए जाने वाले तिरंगा दिवस और तिरंगा संगीतमय यात्रा के उद्देश्य की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में शंकर पुरोहित ने तिरंगे को देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक बताते हुए युवाओं से राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। रमन क्षेत्रीय संसाधन केंद्र के क्षेत्रीय प्रबंधक उमेश शर्मा ने बताया कि मिशन हैप्पी हरदा शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।



