वन विभाग ने सागौन से भरा पिकअप जब्त किया, चालक फरार

अनोखा तीर, हरदा। मुख्य वन संरक्षक नर्मदापुरम अशोक कुमार सिंह के निर्देशन तथा वनमंडलाधिकारी हरदा ज्योति मुड़िया के मार्गदर्शन में वन विभाग ने अवैध सागौन परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 नग सागौन लकड़ी से भरा एक पिकअप वाहन जब्त किया। कार्रवाई मंगलवार सुबह की गई। मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर फरार चालक की तलाश की जा रही है। उपवनमंडल अधिकारी दक्षिण हरदा राकेश लहरी एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी मकड़ाई राजेंद्र प्रसाद परते के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर वन अमले ने खंडवा-मोरगढ़ी मार्ग से आने वाले रास्ते पर ग्राम रिछाड़िया के पास सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच नाकाबंदी की। कार्रवाई की भनक लगने पर वाहन चालक सागौन लकड़ी से भरा पिकअप ग्राम बालाखेड़ा में छिपाकर भागने का प्रयास करने लगा। सूचना मिलते ही वन अमले ने इलाके की घेराबंदी कर भगवानपुरा-बिचपुरी मार्ग पर वाहन को पकड़ लिया। हालांकि चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। वन विभाग ने बोलेरो पिकअप क्र. एमपी-05 जी-7901 से 19 नग सागौन लकड़ी जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है।  कार्रवाई में वनक्षेत्रपाल हेमेंद्र सरोठे, वनपाल संतराम कलमे, अशोक कुमार देवड़ा, गंगाराम सोलंकी, मो. शरीफ खान तथा वनरक्षक सोमलाल भुसारे, संदीप गुरु, संजय कुच्छबंदिया, नरेंद्र चौहान, अनिल बरैया, शिवराम उइके, अशोक करोची, अरविंद कुशवाह सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। वन विभाग मामले की विवेचना कर आरोपियों की तलाश में जुटा है।

0 Views

Leave a Reply