अनोखा तीर, हरदा। जिले के ग्राम हनीफाबाद स्थित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को कक्षा में पढ़ाई के दौरान अचानक छत का मलबा गिरने से पहली कक्षा की छात्रा घायल हो गई। छात्रा के सिर में चोट लगने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और जर्जर स्कूल भवनों की स्थिति पर सवाल उठने लगे। घायल छात्रा की पहचान प्रियांशी, पिता सुनील कोरकू के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई, जब कक्षा में नियमित रूप से पढ़ाई चल रही थी। अचानक छत का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से छात्रा के सिर में चोट लग गई। विद्यालय की शिक्षिका किरण कौशिक ने बताया कि वह बच्चों को पढ़ा रही थीं। इसी दौरान छत का मलबा गिर गया। घटना के तुरंत बाद छात्रा को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया। पहले उसे सोनतलाई के एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए एम्बुलेंस से हरदा जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने सरकारी स्कूल भवनों की जर्जर स्थिति पर चिंता जताई। उनका कहना है कि समय-समय पर भवनों का निरीक्षण और मरम्मत कराई जाती तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने, घायल छात्रा का समुचित एवं नि:शुल्क उपचार कराने तथा जिले के सभी जर्जर स्कूल भवनों का तत्काल सर्वे कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो
सरकारी स्कूल की छत का मलबा गिरा, पहली की छात्रा घायल

2 Views


