पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, मां घायल

अनोखा तीर, हरदा। जिले के हंडिया थाना क्षेत्र में इंदौर-बैतूल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गईं। हादसा ग्राम कुसिया के पास कबीट वाले नाले के पास हुआ। बुधवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान ग्राम भंवरतलाब निवासी अभिन्न नवरे (22) के रूप में हुई है। हादसे में उनकी मां सुखियाबाई के सिर में चोट आई है। मृतक के बड़े भाई रवि नवरे ने बताया कि अमावस्या की छुट्टी होने के कारण अभिन्न अपनी मां को लेकर निमाखेड़ी से भंवरतलाब उनसे मिलने आया था। रात का भोजन करने के बाद दोनों बाइक से वापस निमाखेड़ी लौट रहे थे। इंदौर-बैतूल हाईवे पर कबीट वाले नाले के पास दोनों शौचालय के लिए रुके थे। मां कुछ दूरी पर थीं और अभिन्न बाइक पर बैठकर उनका इंतजार कर रहा था। इसी दौरान हरदा की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अभिन्न बाइक सहित करीब 100 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने डायल-112 को सूचना दी। गंभीर हालत में अभिन्न को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। रवि नवरे ने बताया कि परिवार में वह और अभिन्न दो भाई हैं। अभिन्न की सगाई की बात चल रही थी। इसी सिलसिले में मां और भाई उससे मिलने आए थे। पुलिस पिकअप चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

0 Views

Leave a Reply