स्कूल वैन-बाइक की टक्कर में घायल मासूम छात्रा की मौत

अनोखा तीर, हरदा। जिले में स्कूल वैन और बाइक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुई पांच वर्षीय छात्रा शिवांगी जाट की भोपाल के हमीदिया अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा मंगलवार शाम ग्राम सोनखेड़ी के पास हुआ था। दुर्घटना में स्कूल वैन में सवार चार छात्राओं सहित बाइक पर सवार दो युवक भी घायल हुए थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक शिवांगी जाट (5) ग्राम गोगिया निवासी राकेश जाट की बेटी थी। वह नर्सरी की छात्रा थी और दो भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। शिवांगी ने इसी वर्ष करताना के एक निजी स्कूल में प्रवेश लिया था और करीब एक सप्ताह पहले ही स्कूल जाना शुरू किया था।
हादसे में नर्मदापुरम जिले के पवन गुर्जर (26) और विमल गुर्जर (19) भी घायल हुए। दोनों बाइक से गैस सिलेंडर लेकर जा रहे थे। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि दुर्घटना के समय दोनों वाहन तेज गति से चल रहे थे। क्षतिग्रस्त वैन की स्थिति भी इसकी पुष्टि करती है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

0 Views

Leave a Reply