शत-प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग

-किसानों ने किया अनिश्चितकालीन नेशनल हाईवे जाम


अनोखा तीर, हरदा। मूंग की 100 प्रतिशत समर्थन मूल्य पर खरीदी, खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाने और खरीफ-2025 की लंबित फसल बीमा राशि के भुगतान की मांग को लेकर बुधवार को किसानों ने हरदा के पास इंदौर-नागपुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। देर रात तक यह चक्काजाम चलता रहा। आंदोलन के कारण यातायात प्रभावित रहा और इंदौर-हरदा मार्ग पर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए 500 पुलिस जवान तैनात किए, जबकि किसान नेताओं ने जिलेभर से 20 हजार किसानों के जुटने का दावा किया। प्रदर्शन के दौरान हाईवे पर टेंट लगाने को लेकर किसानों और प्रशासन के बीच कुछ देर विवाद की स्थिति बनी। अधिकारियों ने सड़क पर टेंट लगाने से मना किया, लेकिन एसडीएम की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया और किसान धरने पर बैठे रहे। आम किसान यूनियन के नेता राम इनानिया ने बताया कि जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से किसान लगातार आंदोलन में शामिल हो रहे हैं।
किसानों की प्रमुख मांगें
ग्रीष्मकालीन मूंग की पूरी उपज की एमएसपी पर खरीदी की जाए।
– जिले में खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए।
-खरीफ-2025 की लंबित फसल बीमा राशि किसानों के खातों में जमा की जाए।
किसानों का आरोप है कि इस बार सरकार केवल 25 प्रतिशत मूंग की खरीदी कर रही है। उनका कहना है कि पहले प्रति हेक्टेयर 10 से 12 क्विंटल तक खरीदी होती थी, जबकि इस बार उत्पादन बढ़ने के बावजूद खरीद सीमा घटाकर करीब तीन क्विंटल प्रति हेक्टेयर कर दी गई है। किसानों ने इसे वादाखिलाफी बताते हुए विरोध जताया। चक्काजाम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एसपी शशांक ने बताया कि नर्मदापुरम, रायसेन, बैतूल, इंदौर और छिंदवाड़ा से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। प्रदर्शन स्थल और हाईवे पर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। आंदोलन शुरू होने से पहले कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, एसपी शशांक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। धरना और चक्काजाम के कारण इंदौर से हरदा तथा हरदा से इंदौर जाने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। प्रशासन वैकल्पिक मार्गों से यातायात सुचारु बनाए रखने में जुटा रहा।

0 Views

Leave a Reply