आषाढ़ अमावस्या पर नर्मदा में उमड़ा आस्था का सैलाब

-हजारों श्रद्धालुओं ने किया स्नान


अनोखा तीर, हंडिया। आषाढ़ अमावस्या पर मंगलवार सुबह से प्राचीन नगरी हंडिया के नर्मदा घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सूर्य की पहली किरण के साथ ही हजारों श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। घाटों पर ऊं नम: शिवाय और हर-हर नर्मदे के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। शंखनाद और घंटियों की ध्वनि से वातावरण गूंजता रहा। नर्मदा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाटों पर बैठे जरूरतमंदों को अन्नदान एवं दान-दक्षिणा देकर पुण्य अर्जित किया। वहीं नर्मदा तट स्थित कुबेर स्थापित ऋद्धेश्वर महादेव मंदिर, शंकर मंदिर एवं कामाख्या धाम सहित अन्य प्राचीन मंदिरों में दर्शन के लिए अलसुबह से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं का आगमन एक दिन पहले से ही शुरू हो गया था, जो देर शाम तक जारी रहा। दक्षिण तट स्थित सिद्ध क्षेत्र नेमावर के सिद्धनाथ घाट पर भी दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने नर्मदा स्नान किया। कई श्रद्धालुओं ने घाटों पर दाल-बाटी प्रसादी का आनंद भी लिया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस एवं महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई थी, जिससे पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुचारु बनी रही। इस दौरान घाटों पर छोटे बच्चों और भिक्षुकों के भिक्षावृत्ति करते दिखाई देने से सामाजिक चिंता भी सामने आई। स्थानीय लोगों ने इस पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता जताई। पंडित मनमोहन व्यास ने बताया कि आषाढ़ अमावस्या का धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है और इस दिन नर्मदा स्नान एवं भगवान शिव के दर्शन का विशेष पुण्य माना जाता है।

0 Views

Leave a Reply