अनोखा तीर, हंडिया। शत-प्रतिशत समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी सहित विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ का आंदोलन मंगलवार को 11वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के तहत किसान हरदा से करीब 20 किलोमीटर दूर हंडिया स्थित नर्मदा तट पर जल सत्याग्रह कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि लगातार अलग-अलग तरीकों से प्रदर्शन कर प्रशासन और सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। भारतीय किसान संघ की प्रमुख मांगों में शत-प्रतिशत मूंग खरीदी, खाद वितरण व्यवस्था को सरल बनाना तथा वर्ष 2025 की सोयाबीन फसल बीमा राशि का शीघ्र भुगतान शामिल है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज करते हुए भोपाल कूच किया जाएगा। वहीं, शत-प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग को लेकर आम किसान यूनियन का आंदोलन भी जारी है। यूनियन ने बताया कि 10 जुलाई को सरकार को चेतावनी देने के लिए हरदा शहर की चारों सीमाओं पर सांकेतिक चक्काजाम किया गया था। इसके बावजूद मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से किसानों में आक्रोश है। यूनियन ने 15 जुलाई से नेशनल हाईवे पर अनिश्चितकालीन चक्काजाम की चेतावनी दी है। इसके लिए गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क कर आंदोलन को व्यापक बनाने की तैयारी की जा रही है।
मूंग खरीदी की मांग पर नर्मदा में उतरे किसान, जल सत्याग्रह जारी

0 Views




