तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, तीन दोस्तों की मौत

अनोखा तीर, हरदा। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब 12 बजे डगावानीमा गांव के पास फोरलेन पर सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। तीनों युवक एसी सुधारने का काम करते थे और काम समाप्त कर हरदा लौट रहे थे। मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने बताया कि तीनों युवक बाइक से हरदा आ रहे थे। डगावानीमा से हरदा जाने वाले मार्ग पर फोरलेन पार करते समय बैतूल की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में किसानी मोहल्ला, सिराली वार्ड-2 निवासी संदीप खरबड़े 30, सन्यासा निवासी एवं वर्तमान में बीबी सिटी कॉलोनी हरदा निवासी सुनील सिंह 30 तथा ग्राम सोताड़ा निवासी एवं वर्तमान में मुदित होम, हरदा निवासी गोपाल राजपूत 31 शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद कार कुछ दूरी पर जाकर पलट गई, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।

4 Views

Leave a Reply