अनोखा तीर, हरदा। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार ने गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कार-2027 के लिए नामांकन एवं अनुशंसाएं आमंत्रित की हैं। मंत्रालय ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके नामांकन भेजने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं दीर्घकालीन कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संस्थाएं, जनप्रतिनिधि अथवा अन्य पात्र व्यक्ति योग्य उम्मीदवारों का नामांकन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन कर सकते हैं। नामांकन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। पद्म पुरस्कार-2027 के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च 2026 से प्रारंभ हो चुकी है तथा 31 जुलाई 2026 तक आवेदन प्रस्तुत किए जा सकते हैं। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त नामांकनों पर विचार नहीं किया जाएगा। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि महिला सशक्तिकरण, बाल विकास, सामाजिक सेवा तथा जनकल्याण के क्षेत्र में असाधारण एवं प्रेरणादायी कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयन के दौरान उम्मीदवार के आजीवन योगदान, समाज पर पड़े प्रभाव तथा उत्कृष्ट उपलब्धियों का विशेष रूप से मूल्यांकन किया जाएगा। नामांकन के लिए इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्था को राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर पंजीयन कर लॉगिन करना होगा। इसके बाद संबंधित पुरस्कार श्रेणी एवं कार्यक्षेत्र का चयन करते हुए नामांकित व्यक्ति का विस्तृत विवरण, उपलब्धियां, योगदान, आवश्यक दस्तावेज तथा समर्थन प्रमाण अपलोड कर आवेदन प्रस्तुत करना होगा। इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश भी पोर्टल पर उपलब्ध हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने हरदा जिले के सभी सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों तथा नागरिकों से अपील की है कि वे महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पात्र व्यक्तियों के नाम पद्म पुरस्कार-2027 के लिए समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन नामांकित कर उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में उचित पहचान दिलाने में सहयोग करें।
पद्म पुरस्कार-2027 के लिए आवेदन आमंत्रित

0 Views
