14 जुलाई से शुरू होगा दस्तक अभियान का प्रथम चरण

अनोखा तीर, हरदा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी. सिंह ने बताया कि जिले में दस्तक अभियान के प्रथम चरण के साथ स्टॉप डायरिया अभियान 14 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत जिले के अनुमानित 69,922 बच्चों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के दौरान एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के संयुक्त दल पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों के घर-घर जाकर सेवाएं देंगे। इस दौरान पांच वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को बाल्यकालीन दस्त रोग की रोकथाम के लिए दो ओआरएस के पैकेट एवं 14 जिंक की गोलियां प्रदान की जाएंगी। वहीं, नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक तथा छह माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को आईएफए सिरप का वितरण किया जाएगा। अभियान के दौरान दस्त रोग, निर्जलीकरण, गंभीर कुपोषण तथा अन्य बाल्यकालीन बीमारियों से ग्रसित बच्चों की पहचान कर प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार एवं आवश्यकतानुसार रेफर किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में ओआरएस कॉर्नर स्थापित करने के निर्देश भी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को दिए हैं।

0 Views

Leave a Reply