अनोखा तीर, हरदा। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स एसोसिएशन, मध्यप्रदेश (हरदा इकाई) के प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी हरदा देवेंद्र रघुवंशी को ज्ञापन सौंपकर स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक शिक्षक, शिक्षिकाओं तथा नवीन शैक्षणिक संवर्ग के प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों को 35 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान एवं वरिष्ठता का लाभ दिए जाने की मांग की। एसोसिएशन के संभागीय सचिव रमेश मसकोले ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय भोपाल के पत्र के अनुसार 35 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को वरिष्ठता का लाभ दिए जाने का प्रावधान है। इसी आधार पर हरदा जिले के पात्र शिक्षकों को भी वरिष्ठता सूची में शामिल कर नियमानुसार लाभ प्रदान किया जाना चाहिए। जिला शिक्षा अधिकारी देवेंद्र रघुवंशी ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इस संबंध में दो से तीन दिनों के भीतर आवश्यक परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसोसिएशन ने जिला शिक्षा अधिकारी के सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि पात्र शिक्षकों को शीघ्र न्याय मिलेगा तथा शासन के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर एसोसिएशन के प्रांतीय मीडिया प्रभारी आर. बी. सगर, संभागीय सचिव रमेश मसकोले, एन. पी. गौर, हरिराम मंडराई, विश्वजीत सिंह राजपूत, गोविंद शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
35 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले शिक्षकों को वरिष्ठता सूची में शामिल करने की मांग

0 Views

