अनोखा तीर, हरदा। हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने पवित्र अमरनाथ यात्रा के दौरान बाबा बर्फानी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने हरदा जिले सहित प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। डॉ. दोगने ने बाबा बर्फानी से प्रार्थना की कि मध्यप्रदेश सरकार को सद्बुद्धि मिले, ताकि प्रदेश के किसानों की मूंग फसल की खरीदी समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित हो तथा किसानों की उपज का शत-प्रतिशत दाना खरीदा जाए। उन्होंने कहा कि किसान आज अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। सरकार को संवेदनशीलता के साथ किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य, समय पर भुगतान तथा सिंचाई, बिजली और खाद-बीज जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को शीघ्र एवं पर्याप्त मुआवजा दिया जाए तथा कृषि से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निराकरण किया जाए। डॉ. दोगने ने कहा कि अन्नदाता किसान की समृद्धि ही प्रदेश और देश की समृद्धि का आधार है। बाबा अमरनाथ के पावन धाम में उन्होंने प्रदेश के किसानों के हित, क्षेत्र की खुशहाली तथा सभी नागरिकों के सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
बाबा अमरनाथ से किसानों की समृद्धि और मूंग खरीदी की प्रार्थना की : डॉ. दोगने

0 Views

