कुयली वाली माता मंदिर में कढ़ाई प्रसादी, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद

अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम के वार्ड 10 स्थित कुयली वाली माता मंदिर एवं हनुमान मंदिर परिसर में रविवार को वार्डवासियों और ग्रामीणों के सहयोग से पारंपरिक कढ़ाई प्रसादी का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। धार्मिक आयोजन में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। आयोजन के दौरान सवा मन गेहूं के आटे से कढ़ाई प्रसाद तैयार किया गया। शाम करीब 5 बजे हनुमानजी को विधि-विधान से चोला चढ़ाया गया। इसके बाद कुयली वाली माता की पूजा-अर्चना, आरती और महाप्रसाद का भोग लगाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। आरती के बाद मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को कढ़ाई प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद वितरण के दौरान बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने सहभागिता की। आयोजकों ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन प्रतिवर्ष वार्डवासियों के सहयोग से किया जाता है। इसका उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखना, सामाजिक एकता को बढ़ावा देना और लोगों में आपसी प्रेम व भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply