अनोखा तीर, सिराली। शासकीय महाविद्यालय सिराली में बुधवार को सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. धीरा शाह एवं प्रवेश प्रभारी ओम प्रकाश पटेल ने कुमकुम-तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराते हुए तथा पेन भेंट कर नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। साथ ही उन्हें महाविद्यालय, उसके विजन, नियम-विनियम, शैक्षणिक परिवेश एवं अनुशासन की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ हुई। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार दीक्षारंभ के प्रथम दिवस पर मानसिक स्वास्थ्य विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इसमें प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बबिता दीदी एवं किरण दीदी ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव को कम करने तथा खुशहाल जीवन जीने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, मेडिटेशन एवं नैतिक मूल्यों को अपनाकर मन को स्वस्थ रखा जा सकता है। कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के साथ डॉ. रानी पटेल एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ने पौधरोपण भी कराया। इस अवसर पर महेश जाटव, छाया मुवेल, डॉ. जेपी कड़ोले, डॉ. श्याम सिंह पंवार, योगेश उइके तथा समस्त नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य व्याख्यान के साथ दीक्षारंभ समारोह शुरु

0 Views




