शिक्षा से वंचित न रहे कोई बालक, समाज की भी है जिम्मेदारी : सोमानी

अनोखा तीर, सिराली। वर्तमान समय में शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता है और समाज का दायित्व है कि कोई भी बालक आर्थिक अभाव या अन्य किसी कारण से शिक्षा से वंचित न रहे। यह विचार समाजसेवी कुंज बिहारी सोमानी ने सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक एवं विद्यालय संयोजक बिहारीलाल मालवीय ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त शिक्षक सुधीर संगोले उपस्थित रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त शिक्षक गीता प्रसाद विश्वकर्मा, सुशील शुक्ला तथा नागेश उपाध्याय मौजूद रहे। कार्यक्रम में शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए चारों शिक्षकों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में विद्यार्थियों को नि:शुल्क अध्यापन कार्य के माध्यम से अपनी सेवाएं देने का संकल्प लिया। समारोह के दौरान समाजसेवी कुंज बिहारी सोमानी ने कक्षा में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही अतिथियों ने भी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के प्राचार्य शंकरलाल सोलंकी ने अतिथियों का परिचय कराया तथा तिलक एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। सभी अतिथियों ने विद्यालय के शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यों में निरंतर सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का समापन विद्यालय के संयोजक बिहारीलाल मालवीय द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

0 Views

Leave a Reply