अनोखा तीर, हरदा। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जिले में संचालित सात उत्कृष्ट संस्थानों में विशेष कोचिंग व्यवस्था के तहत वर्ष 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं एवं 10वीं के गणित, अंग्रेजी, विज्ञान, कंप्यूटर एवं सामान्य ज्ञान तथा कक्षा 11वीं एवं 12वीं के गणित, भौतिकी, रसायन एवं अंग्रेजी विषयों के लिए शासकीय एवं अशासकीय अनुभवी व्याख्याताओं एवं शिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन संस्थानों में हरदा विकासखंड के जिला स्तरीय बालक एवं कन्या छात्रावास, टिमरनी विकासखंड के बालक एवं कन्या छात्रावास तथा खिरकिया विकासखंड के उत्कृष्ट बालक छात्रावास शामिल हैं। जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग ने बताया कि संबंधित विषय में 60 प्रतिशत या अधिक अंकों के साथ स्नातकोत्तर होना अनिवार्य है। चयनित शिक्षकों को प्रतिमाह 20 कालखंड का मानदेय प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित महाविद्यालयीन बालक एवं कन्या छात्रावास हरदा एवं टिमरनी में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए केवल अंग्रेजी विषय की कोचिंग हेतु एक अनुभवी अशासकीय व्याख्याता की आवश्यकता है। इसके लिए एम.ए. अंग्रेजी उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई तक कार्यालयीन समय में आवेदन जमा कर सकते हैं।
विशेष कोचिंग व्यवस्था के लिए शिक्षकों से 15 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित

0 Views

