अनोखा तीर, हरदा। भारत सरकार की एडीआईपी योजना के अंतर्गत जिले के पात्र दिव्यांगजनों को नि:शुल्क कैलिपर्स एवं कृत्रिम हाथ-पैर उपलब्ध कराने के लिए 1 से 3 जुलाई तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान एलिम्को कानपुर द्वारा अधिकृत एस.आर. ट्रस्ट रतलाम के माध्यम से मोबाइल वर्कशॉप में दिव्यांगजनों के मौके पर ही नाप लेकर उपकरण तैयार किए जाएंगे और शिविर स्थल पर उनका वितरण किया जाएगा। शिविर में सिविल सर्जन कार्यालय द्वारा लैपटॉप सहित कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, जहां मौके पर ही यूडीआईडी कार्ड बनाए जाएंगे। साथ ही आय प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था भी रहेगी। उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग कमलेश सिंह ने बताया कि दिव्यांगजनों को नि:शुल्क कैलिपर्स एवं कृत्रिम अंग प्रदान करने के लिए 2 जुलाई को जनपद पंचायत टिमरनी तथा 3 जुलाई को जनपद पंचायत खिरकिया में शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड, समग्र आईडी, फोटो तथा 22 हजार रुपये मासिक से कम आय का आय प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य है। जिला शिक्षा अधिकारी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा आंगनबाड़ियों में पंजीकृत दिव्यांग बच्चों की शिविर में उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। वहीं, ग्राम पंचायत सचिवों एवं वार्ड प्रभारियों को दिव्यांगजनों को शिविर तक लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दिव्यांगजनों को नि:शुल्क कृत्रिम अंग वितरण के लिए आज टिमरनी में लगेगा शिविर

0 Views

