दिव्यांगजनों के लिए…

-नि:शुल्क कृत्रिम अंग वितरण शिविर आयोजित

अनोखा तीर, हरदा। भारत सरकार की एडिप योजना के अंतर्गत कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन एवं एस.आर. ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को जनपद पंचायत हरदा में जिले के दिव्यांगजनों के लिए नि:शुल्क कृत्रिम अंग वितरण एवं सहायक उपकरण चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया गया। उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग कमलेश सिंह ने बताया कि शिविर में जिन दिव्यांग हितग्राहियों को कृत्रिम अंगों की आवश्यकता थी, उन्हें एलिम्को की विशेषज्ञ टीम द्वारा मौके पर ही कृत्रिम अंग तैयार कर प्रदान किए गए। इसके अलावा एडिप योजना के अंतर्गत ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, स्टिक, श्रवण यंत्र सहित अन्य सहायक उपकरणों के वितरण के लिए भी पात्र दिव्यांगजनों का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर में जिले भर से 130 दिव्यांगजन उपस्थित हुए। इनमें से 42 दिव्यांगजनों का चिन्हांकन किया गया, जबकि 11 हितग्राहियों को हाथ-पैर के कृत्रिम अंग एवं कैलिपर बनाकर प्रदान किए गए। वहीं, 31 हितग्राहियों का सहायक उपकरण वितरण के लिए चयन किया गया। शिविर में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र हरदा के विशेषज्ञों द्वारा उपस्थित हितग्राहियों के यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं दिव्यांग पेंशन से संबंधित कार्यवाही भी की गई।

0 Views

Leave a Reply