नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए प्रवेश उत्सव आयोजित

अनोखा तीर, हरदा। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय, हरदा में बुधवार को नवप्रवेशित स्नातक (यूजी) एवं स्नातकोत्तर (पीजी) विद्यार्थियों के लिए प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा के नवीन परिवेश, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 तथा महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराना था। कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय परिवार द्वारा सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इसके बाद विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020), विभिन्न डिग्री पाठ्यक्रमों, मेजर एवं माइनर विषयों, क्रेडिट प्रणाली, छात्रवृत्ति योजनाओं, महाविद्यालय की विभिन्न समितियों, एंटी रैगिंग सेल, महिला प्रकोष्ठ, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर सुविधाओं, एनएसएस, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, इंटर्नशिप एवं करियर संबंधी अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मानसिक स्वास्थ्य एवं वेलनेस सत्र रहा। इस अवसर पर अतिथि वक्ता डॉ. गोरख परुलकर ने मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक सशक्तिकरण विषय पर प्रेरक व्याख्यान देते हुए तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, समय प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से स्वस्थ विद्यार्थी ही अपने शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत जीवन में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। इसके उपरांत अतिथि वक्ता संतोष राठौर ने ध्यान (मेडिटेशन) एवं माइंडफुलनेस सत्र आयोजित किया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ ध्यान एवं श्वास अभ्यास में सहभागिता की। सत्र के दौरान उन्हें मानसिक शांति, एकाग्रता, आत्मनियंत्रण तथा सकारात्मक ऊर्जा विकसित करने की सरल एवं प्रभावी तकनीकों का अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों ने इस सत्र को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवेंद्र रोडगे ने राष्ट्रीय कार्यबल (एनटीएफ), तनाव प्रबंधन, विद्यार्थी हितग्राही योजनाओं तथा स्वामी विवेकानंद करियर सेल की गतिविधियों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने तथा अनुशासित एवं सकारात्मक विद्यार्थी जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय स्टाफ ने सभी विशेषज्ञों, अतिथियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही विश्वास व्यक्त किया गया कि यह प्रवेश उत्सव नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए उनके महाविद्यालयीन जीवन की सकारात्मक एवं प्रेरणादायी शुरुआत सिद्ध होगा। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी बताया।

0 Views

Leave a Reply