पहली बारिश में ही उखड़ने लगी स्टेट हाईवे की सड़क

अनोखा तीर, मसनगांव। नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे पर पहली ही बारिश ने सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की पोल खोल दी है। हरदा से मांदला तक कई स्थानों पर सड़क उखड़ने लगी है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पा रहा है। इससे विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए सफर जोखिमभरा हो गया है। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बाद हरदा स्थित अजनाल नदी पुल से लेकर कडोला के समारोह परिसर, रानियाखेड़ी, गांगला और कांकरिया गांव तक सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं। कई स्थानों पर डामर पूरी तरह उखड़ चुका है, जिससे वाहन चालकों को गड्ढों से बचते हुए गुजरना पड़ रहा है। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से चालक अचानक असंतुलित हो जाते हैं और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग की मरम्मत पिछले वर्ष ही कराई गई थी, लेकिन सड़क का बेस कमजोर होने के कारण पहली ही बारिश में सड़क फिर से क्षतिग्रस्त हो गई। इससे सरकारी राशि के उपयोग और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि समय पर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत की गई होती तो सड़क की यह स्थिति नहीं बनती। रोजाना इस मार्ग से आवागमन करने वाले दुकानदार बंटी राजपूत ने बताया कि पहली बारिश में ही सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। यदि शीघ्र मरम्मत नहीं कराई गई तो लगातार हो रही बारिश के चलते सड़क और अधिक खराब हो जाएगी तथा दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ सकती है। यह स्टेट हाईवे हरदा, खिरकिया, मसनगांव सहित आसपास के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन इस मार्ग से यात्री बसें, स्कूल वाहन, एंबुलेंस, मालवाहक वाहन तथा हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित निर्माण एजेंसी से मांग की है कि क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा बरसात के दौरान सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

4 Views

Leave a Reply