विश्व चिकित्सक दिवस…

-महर्षि ज्ञानपीठ में विद्यार्थियों को मिला करियर मार्गदर्शन
अनोखा तीर, हरदा। विश्व डॉक्टर दिवस के अवसर पर महर्षि ज्ञानपीठ हायर सेकेंडरी स्कूल, हरदा में विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहर के चिकित्सक डॉ. अंशुम राठी एवं डॉ. शैली राठी ने विद्यार्थियों को मेडिकल क्षेत्र में करियर की संभावनाओं और सफलता के गुर बताए। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के संचालक दीपक सिंह राजपूत द्वारा दोनों चिकित्सकों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान करने के साथ हुई। इसके बाद कक्षा 11वीं एवं 12वीं के बायोलॉजी वर्ग के विद्यार्थियों के साथ इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने करियर संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे। छात्रा अलशिफा ने 12वीं बोर्ड परीक्षा और नीट की तैयारी को संतुलित करने के संबंध में प्रश्न किया। इस पर डॉ. शैली राठी ने विद्यार्थियों को अपने विषयों की अवधारणाएं स्पष्ट रखते हुए नियमित अध्ययन करने की सलाह दी, ताकि बोर्ड एवं प्रतियोगी परीक्षा दोनों में सफलता प्राप्त की जा सके। कक्षा 10वीं के छात्र यश जाट ने पूछा कि यदि डॉक्टर नहीं बन पाए तो बायोलॉजी विषय के साथ अन्य कौन-कौन से करियर विकल्प उपलब्ध हैं। इस पर डॉ. अंशुम राठी ने बताया कि बायोलॉजी के क्षेत्र में फार्मेसी, रिसर्च, नर्सिंग, माइक्रोबायोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी सहित अनेक रोजगारपरक अवसर उपलब्ध हैं। इस दौरान विद्यार्थियों ने पैरामेडिकल क्षेत्र से जुड़े प्रश्न भी पूछे, जिनका चिकित्सकों ने विस्तार से उत्तर दिया। छात्रा गुलनाज ने हृदय रोग विशेषज्ञ बनने की इच्छा व्यक्त की। इस पर डॉ. शैली राठी ने मेडिकल क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया से दूरी बनाकर लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, नियमित अध्ययन करने और अनुशासित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। डॉ. अंशुम राठी ने स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सफलता के लिए प्रतिदिन 6 से 7 घंटे की पर्याप्त नींद लेना भी आवश्यक है। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्री-प्राइमरी वर्ग के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की सहभागिता रही। नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी के बच्चे डॉक्टर की वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे और डॉक्टर की भूमिका का अभिनय कर सभी का मन मोह लिया। इस गतिविधि ने बच्चों में जागरूकता और आत्मविश्वास का संचार किया। अंत में संस्था की प्राचार्य कामना राजपूत ने सभी अतिथि चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शक रहा।

0 Views

Leave a Reply